bareillylive@bareillynews:बरेली। प्रदेश सरकार ने प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) के जवानों को बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री ने पीआरडी जवानों के दैनिक मानदेय में 100 रुपये की बढ़ोतरी की घोषणा की है। अब जवानों को प्रतिदिन 500 रुपये के स्थान पर 600 रुपये मानदेय मिलेगा। इसके साथ ही पीआरडी जवानों को शासन की ओर से कैशलेस चिकित्सा सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
गोरखपुर के बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह, रामगढ़ताल में मंगलवार को मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में पीआरडी जवानों का सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम का लाइव प्रसारण बरेली कलेक्ट्रेट सभागार में किया गया। इस दौरान जिले के पीआरडी जवानों ने सम्मेलन में मुख्यमंत्री के संबोधन को सुना।
मुख्यमंत्री ने राज्य स्तर पर पीआरडी जवानों के लिए मल्टीस्टोरी बैरक का लोकार्पण भी किया। उन्होंने कहा कि जवानों के मानदेय की पूर्व निर्धारित दर 500 रुपये प्रतिदिन थी, जिसे 100 रुपये बढ़ाकर अब 600 रुपये कर दिया गया है। इसके अलावा पीआरडी जवानों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा समेत अन्य लाभकारी योजनाओं का लाभ देने की घोषणा की गई।
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मीरगंज विधायक डॉ. डीसी वर्मा, अपर जिलाधिकारी नगर अविनाश त्रिपाठी, नगर मजिस्ट्रेट राजेश कुमार वर्मा, उपजिलाधिकारी, विभाग के व्यायाम प्रशिक्षक, क्षेत्रीय युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी, वरिष्ठ सहायक समेत बड़ी संख्या में पीआरडी जवान मौजूद रहे।
कार्यक्रम के समापन पर जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी आरती जायसवाल ने सभी अतिथियों और उपस्थित जवानों का आभार जताया।






Leave a Reply