The Voice of Bareilly since 2010

कांवड़ मार्ग का निरीक्षण, एनएचएआई और बिजली विभाग को एसडीएम की चेतावनी

bareillylive:bareillynews:कांवड़ मार्ग का निरीक्षण, एनएचएआई और बिजली विभाग को एसडीएम की चेतावनी

भमोरा, बरेली। आगामी कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में रविवार को एसडीएम सुशील कुमार मिश्रा ने पुलिस एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक करने के बाद बरेली-बदायूं मार्ग और कांवड़ रूट का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान सड़क और बिजली व्यवस्था में मिली कमियों पर संबंधित विभागों को कड़ी फटकार लगाते हुए पांच दिन के भीतर सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए।


निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने विद्युत विभाग के एसडीओ रमेश कुमार को कोहनी मंदिर के पास लगे ट्रांसफार्मर को प्लास्टिक कवर से सुरक्षित कराने, भोलापुर के पास सड़क के ऊपर से गुजर रही बिजली की लाइन हटाने, भमोरा चौराहे पर लगे बिजली पोलों को सुरक्षित ढंग से ढकने तथा भमोरा

बिजलीघर के आसपास लगे छोटे-बड़े पोलों को सीधा कर प्लास्टिक कवर लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


बरेली-बदायूं हाईवे के चौड़ीकरण कार्य में देरी पर एसडीएम ने एनएचएआई से जुड़े अधिकारियों पर नाराजगी जताई।

उन्होंने कहा कि पूर्व में ही कांवड़ यात्रा से पहले सड़क दुरुस्त करने के लिए दस दिन का समय दिया गया था, लेकिन अब तक कार्य पूरा नहीं हुआ।

निरीक्षण के दौरान पुठी मोड़ से सिरोही गांव तक करीब दो किलोमीटर सड़क की सबसे खराब स्थिति पाई गई। इसके अलावा सिरोही पुलिया, भगवानपुर पेट्रोल पंप के पास लगभग 200 मीटर तथा उससे आगे करीब 100 मीटर सड़क को भी तत्काल मरम्मत योग्य बताया गया।

एसडीएम ने संबंधित एजेंसी को पांच दिन के भीतर सभी क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत पूरी करने के निर्देश दिए। इस दौरान सीओ हेमंत कुमार उपाध्याय, इंस्पेक्टर पवन कुमार सिंह, बीडीओ हर्षेंद्र कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!