The Voice of Bareilly since 2010

राधाष्टमी महोत्सव पर भक्तिमय हुआ इस्कॉन बरेली, संकीर्तन और महाभिषेक ने बांधा समां

bareillylive-राधाष्टमी महोत्सव पर भक्तिमय हुआ

बरेली@Bareillyliveबरेली। श्री राधारानी के दिव्य प्राकट्य दिवस राधाष्टमी के अवसर पर इस्कॉन मंदिर, बरेली में शनिवार को भव्य एवं भक्तिमय राधाष्टमी महोत्सव का आयोजन किया गया। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया। दिनभर हरिनाम संकीर्तन, कथा, महाभिषेक और भक्ति कार्यक्रमों से पूरा परिसर आध्यात्मिक उल्लास से सराबोर रहा।

महोत्सव में बरेली के महापौर उमेश गौतम भी विशेष रूप से शामिल हुए। उन्होंने मंदिर में भगवान के दर्शन किए और राधाष्टमी महोत्सव में सहभागिता की। उनकी उपस्थिति से कार्यक्रम की गरिमा और बढ़ गई।

महोत्सव का प्रमुख आकर्षण हरिनाम संकीर्तन, श्रीविग्रहों का भव्य महाभिषेक, छप्पन भोग अर्पण और राधाष्टमी की विशेष कथा रहा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने संकीर्तन में भाग लिया और भगवान के दिव्य दर्शन एवं महाभिषेक का आनंद लिया।

कार्यक्रम में भीम अर्जुन प्रभु जी, उत्तर प्रदेश एवं बिहार के जोनल सुपरवाइजर एवं इस्कॉन के वरिष्ठ भक्त, विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने श्रद्धालुओं को श्रीमती राधारानी की महिमा, उनके दिव्य स्वरूप और कृष्ण भक्ति में उनके विशेष स्थान के बारे में भावपूर्ण कथा सुनाई।

महाप्रसाद भंडारे में भक्तों ने ग्रहण किया प्रसाद

राधाष्टमी महोत्सव में श्रद्धालुओं के लिए विशेष महाप्रसाद भंडारे की व्यवस्था की गई। भक्तों ने भगवान को अर्पित महाप्रसाद ग्रहण किया। मंदिर परिसर में पूरे दिन भक्तिमय वातावरण बना रहा और श्रद्धालु संकीर्तन में झूमते नजर आए।

इस्कॉन बरेली के महाप्रबंधक भीम अर्जुन प्रभु जी ने महोत्सव में शामिल सभी अतिथियों, श्रद्धालुओं और सेवकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज को भारतीय आध्यात्मिक संस्कृति, भक्ति और श्रीकृष्ण के संदेश से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।

राधाष्टमी के बाद भी जारी रहेगा भक्ति और ज्ञान का प्रवाह

राधाष्टमी महोत्सव के बाद भी इस्कॉन बरेली में नियमित आध्यात्मिक गतिविधियां जारी रहेंगी। मंदिर में हरिनाम संकीर्तन, भगवद्गीता कक्षाएं, श्रीमद्भागवत कथा, रविवार के विशेष कार्यक्रम और विभिन्न आध्यात्मिक उत्सवों के माध्यम से नगरवासियों को भक्ति एवं आध्यात्मिक ज्ञान से जुड़ने का अवसर मिलता रहेगा।

इस्कॉन बरेली ने नगरवासियों से आग्रह किया कि वे केवल प्रमुख पर्वों पर ही नहीं, बल्कि नियमित रूप से मंदिर पहुंचकर सत्संग, संकीर्तन और भगवद्गीता के ज्ञान का लाभ लें। साथ ही अपने परिवार और बच्चों को भी भारतीय आध्यात्मिक संस्कृति से जोड़ें।

राधाष्टमी के अवसर पर मंदिर में उमड़ा श्रद्धालुओं का उत्साह पूरे आयोजन की भव्यता का साक्षी बना। देर तक मंदिर परिसर “हरे कृष्ण, हरे कृष्ण” के संकीर्तन से गूंजता रहा और श्रद्धालु भक्ति के रंग में रंगे नजर आए।

बरेली@Bareillylive :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!