नकटिया नदी के तट पर चलाया स्वच्छता अभियान, विद्यार्थियों को दिया जल संरक्षण का संदेश

bareillylive@नकटिया नदी के तट पर चलाया स्वच्छता अभियान विद्यार्थियों को दिया जल संरक्षण का संदेश

बरेली@bareillyliveबरेली। पर्यावरण संरक्षण गतिविधि के अंतर्गत जिला आंवला, बरेली विभाग, ब्रज प्रांत की ओर से विकासखंड क्यारा स्थित पीएम श्री कंपोजिट स्कूल मानपुर चिकटिया में स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण अभियान आयोजित किया गया। विभाग पर्यावरण संयोजक विवेक दुबे के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान में शिक्षकों और विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय परिसर की साफ-सफाई के साथ हुआ। इसके बाद शिक्षक एवं विद्यार्थी नकटिया नदी के तट पर पहुंचे, जहां सामूहिक रूप से स्वच्छता अभियान चलाया गया। सभी ने नदी और उसके आसपास के क्षेत्र की सफाई कर स्वच्छ पर्यावरण का संदेश दिया।

इस अवसर पर विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए विभाग पर्यावरण संयोजक विवेक दुबे ने जल संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि जल ही जीवन का आधार है। पृथ्वी पर जीवन की निरंतरता बनाए रखने के लिए जल का संरक्षण बेहद जरूरी है। तेजी से गिरता भूजल स्तर और प्रदूषित होते जलस्रोत गंभीर चिंता का विषय हैं। ऐसे में प्रत्येक व्यक्ति को पानी की एक-एक बूंद का महत्व समझना होगा।

उन्होंने कहा कि वर्षा जल संचयन, नदियों एवं तालाबों की स्वच्छता और पानी का विवेकपूर्ण उपयोग हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। जल संरक्षण केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी दिनचर्या में पानी बचाने की आदत विकसित करनी होगी। विद्यार्थियों को भी अपने परिवार और समाज में स्वच्छता एवं जल संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने का प्रयास करना चाहिए।

अभियान के समापन पर विद्यार्थियों एवं विद्यालय परिवार के सदस्यों ने सामूहिक रूप से भोजन किया। इस सहभागिता ने सामाजिक समरसता, सहयोग और सामूहिकता का संदेश दिया।

कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाध्यापक ओमेंद्र पाल सिंह, विनोद कुमार, अशोक बिधूड़ी, देवेश तिवारी, नीरज शर्मा, रेखा गुप्ता, कल्पना, रूबी, जयमाला, अंकिता, शैलेन्द्री एवं प्रियंका सहित विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।

अभियान के माध्यम से सभी ने स्वच्छता को अपनी आदत बनाने और जल संरक्षण को सामाजिक दायित्व के रूप में अपनाने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!