bareillylive@bareillynews:संकुल बैठकों से गैरहाजिर 32 विद्यालयों के शिक्षकों और तीन संकुल शिक्षकों को नोटिस
रिछा ब्लॉक के बीईओ ने की कार्रवाई, आठ न्याय पंचायतों की बैठकों में गैरहाजिरी पर मांगा जवाब
बरेली। देवरनियां। विद्यालयों में आने-जाने और शैक्षणिक दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही बरतने वाले बेसिक शिक्षा विभाग के शिक्षकों पर अब मासिक शिक्षक संकुल बैठक में गैरहाजिरी भारी पड़ गई है।
रिछा ब्लॉक के खंड शिक्षा अधिकारी जगदीश कुमार ने संकुल बैठकों में अनुपस्थित रहने वाले 32 विद्यालयों के इंचार्ज प्रधानाध्यापकों और सहायक अध्यापकों के साथ ही तीन संकुल शिक्षकों को नोटिस जारी कर दो दिन के भीतर स्पष्टीकरण मांगा है। विभागीय कार्रवाई से संबंधित शिक्षकों में हड़कंप मचा हुआ है।
शासन के निर्देशानुसार प्रत्येक माह के तीसरे मंगलवार को न्याय पंचायत स्तर पर परिषदीय विद्यालयों के शिक्षकों की शिक्षक संकुल बैठक आयोजित की जाती है। बैठकों में शिक्षण कार्य, विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने, टीएलएम के उपयोग समेत विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की जाती है। प्रत्येक विद्यालय से इंचार्ज प्रधानाध्यापक अथवा सहायक अध्यापक का बैठक में शामिल होना आवश्यक होता है।
जानकारी के अनुसार 21 जुलाई को रिछा ब्लॉक क्षेत्र की कनमन, कठर्रा, जोखनपुर, भूलाभुलनिया, राठ, कचनारी, याकूबगंज और घाटगांव न्याय पंचायतों में शिक्षक संकुल बैठकें आयोजित हुईं। कनमन न्याय पंचायत की बैठक में बीईओ जगदीश कुमार स्वयं पहुंचे और उन्होंने स्थिति का जायजा लिया।
इसके बाद सभी न्याय पंचायतों की बैठकों का विवरण तलब किया गया। जांच में 32 विद्यालय ऐसे मिले, जहां से कोई शिक्षक बैठक में शामिल नहीं हुआ था। साथ ही तीन संकुल शिक्षकों की भी गैरहाजिरी सामने आई।
बीईओ ने संबंधित विद्यालयों के इंचार्ज प्रधानाध्यापकों और सहायक अध्यापकों के अलावा संकुल शिक्षकों उमेश कुमार, राहुल पांडे और भुवनेश कुमार को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। कार्रवाई के बाद कुछ शिक्षकों द्वारा सिफारिशें लगवाने की चर्चा भी है। अब सभी की निगाहें नोटिस के जवाब और उसके बाद होने वाली कार्रवाई पर टिकी हैं।
बीईओ जगदीश कुमार ने बताया कि पिछले कुछ समय से संकुल बैठकों में शिक्षकों के नहीं पहुंचने की शिकायतें मिल रही थीं। कनमन में उन्होंने स्वयं स्थिति देखी, जिसके बाद नोटिस की कार्रवाई की गई। भविष्य में ऐसी लापरवाही मिलने पर और कठोर कार्रवाई की जाएगी।






Leave a Reply