The Voice of Bareilly since 2010

बार एसोसिएशन में भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच के आदेश, रजिस्ट्रार चिट्स एवं फंड्स होंगे जांच अधिकारी

bareillylive@bareillynews:बार एसोसिएशन में भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच के आदेश, रजिस्ट्रार चिट्स एवं फंड्स होंगे जांच अधिकारी

बरेली। एडवोकेट बार एसोसिएशन, बरेली द्वारा बार एसोसिएशन बरेली के अध्यक्ष एवं सचिव पर भ्रष्टाचार और वित्तीय अनियमितताओं के आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी को संबोधित एक ज्ञापन अध्यक्ष अनिल द्विवेदी, अंगन सिंह अंगन , गौरव सिंह राठौर के नेतृत्व में अपर जिलाधिकारी (राजस्व एवं वित्त) को सौंपा गया था।

शिकायत पर संज्ञान लेते हुए सिटी मजिस्ट्रेट ने मामले की जांच के लिए रजिस्ट्रार चिट्स एवं फंड्स, बरेली मंडल को जांच अधिकारी नामित करने के निर्देश दिए हैं


शिकायत में आरोप लगाया गया है कि बार एसोसिएशन बरेली के अध्यक्ष और सचिव लंबे समय से मनमानी करते हुए अधिवक्ताओं के हितों की अनदेखी कर रहे हैं। साथ ही बार एसोसिएशन की आय और निधियों में अनियमितता तथा गबन के आरोप भी लगाए गए हैं।

ज्ञापन में यह भी दावा किया गया है कि पूर्व पदाधिकारियों द्वारा अधिवक्ताओं के कल्याण के लिए बैंक खाते में जमा की गई करोड़ों रुपये की धनराशि के दुरुपयोग की आशंका है।


एडवोकेट बार एसोसिएशन ने यह भी आरोप लगाया है कि बार एसोसिएशन की संपत्तियों पर नियमों के विपरीत कब्जा किया गया है तथा संगठन का संचालन निर्धारित नियमों के अनुसार नहीं हो रहा है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि एडवोकेट बार एसोसिएशन, बरेली का बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश से संबंध है और वही वास्तविक प्रतिनिधि संस्था है।


हालांकि, इन आरोपों पर बार एसोसिएशन बरेली के अध्यक्ष और सचिव की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आरोपों की पुष्टि हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!