BareillyLive : भाद्रपद मास के शुक्ल पक्ष की परिवर्तनी एकादशी के अवसर पर मंगलवार को श्यामगंज स्थित श्री शिरडी साई-खाटूश्याम सर्वदेव मंदिर में बाबा श्याम का भव्य श्रृंगार किया गया। कलकत्ता, बेंगलुरु और शिमला से मंगाए गए विभिन्न प्रकार के फूलों से बाबा का दरबार आकर्षक ढंग से सजाया गया। सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी। फूलों से सजे बाबा श्याम के दरबार के दर्शन के लिए शहर के साथ ही दूर-दराज क्षेत्रों से भी भक्त पहुंचे।
मोनू-कामिनी पाल ने कराई श्रृंगार सेवा
परिवर्तनी एकादशी पर बाबा श्याम की विशेष श्रृंगार सेवा दुर्गानगर निवासी मोनू-कामिनी पाल की ओर से कराई गई। पाल परिवार ने मंदिर को 1.5 टन का एसी भी अर्पित किया। मंदिर के महंत पंडित सुशील पाठक ने बताया कि परिवर्तनी एकादशी के पावन अवसर पर बाबा श्याम का विशेष श्रृंगार और पूजा-अर्चना कराई गई।
भक्तों ने साझा किए आस्था से जुड़े अनुभव
मंदिर महंत के अनुसार बाबा श्याम के दरबार में दूर-दराज से श्रद्धालु अपनी मनोकामनाएं लेकर पहुंचते हैं। मंदिर प्रबंधन के मुताबिक, कई भक्त मनोकामना पूरी होने के बाद अपने अनुभव भी साझा करते हैं। श्रद्धालुओं ने संतान सुख, बीमारी से राहत और व्यापार में उन्नति सहित विभिन्न मनोकामनाओं के पूरा होने की बात कही।
माधुरी पटेल ने बताया अपना अनुभव
मंदिर प्रबंधन की ओर से भक्त विवेक पटेल की पत्नी माधुरी पटेल का अनुभव भी साझा किया गया। प्रबंधन के अनुसार, दिल्ली, लखनऊ और बरेली में उपचार के दौरान डॉक्टरों की ओर से उनके मां बनने की संभावना नहीं होने की बात कही गई थी। परिवार का कहना है कि बाबा श्याम और बाबा नीम करौली के प्रति आस्था के बाद माधुरी सामान्य रूप से गर्भवती हुईं।
परिवार के अनुसार, विवेक पटेल ने 29 अक्टूबर 2025 को मंदिर परिसर में बाबा नीम करौली की स्थापना कराई थी। यह अनुभव परिवार ने अपनी धार्मिक आस्था से जोड़कर साझा किया।
भजनों पर झूमे श्रद्धालु
शाम को सात्विक संकीर्तन मंडल की ओर से भजन संध्या का आयोजन किया गया। भजन गायक निष्काम पांडेय, हार्दिक अरोड़ा, रामजी पाण्डेय और सोनल चंचल ने बाबा श्याम के भजनों की प्रस्तुति दी। गुरु गणेश एवं सरस्वती वंदना के बाद बाबा श्याम का गुणगान शुरू हुआ।
‘श्याम तेरी बंसी पुकारे’ सहित अन्य भजनों की प्रस्तुति पर श्रद्धालु भक्ति में झूमते नजर आए। पूरे मंदिर परिसर में देर शाम तक भक्ति और संगीत का माहौल बना रहा।
संगीतकारों ने सुर-ताल से बांधा समां
भजन संध्या में ऑर्गन पर विशाल मौर्य, ढोलक पर अनमोल और पैड पर दिव्याशं ने संगत की। साउंड सेवा की जिम्मेदारी विपिन कश्यप ने संभाली। भजनों, संगीत और श्रद्धालुओं के जयकारों से मंदिर परिसर भक्तिमय नजर आया।
मनोकामना पूरी होने पर मंदिर को अर्पित की सुविधाएं
मंदिर प्रबंधन के अनुसार, मनोकामना पूरी होने के बाद श्रद्धालुओं की ओर से मंदिर में विभिन्न सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गईं। मोनू-कामिनी पाल ने मंदिर को एसी अर्पित किया, जबकि संजय आयलानी ने एल्युमिनियम और शीशे का दरवाजा लगवाया। प्रबंधन के मुताबिक, संजय आयलानी ने ही बाबा श्याम की स्थापना भी कराई थी।
सैकड़ों श्रद्धालु रहे मौजूद
भजन संध्या और विशेष श्रृंगार कार्यक्रम में मोनू-कामिनी पाल, संजय आयलानी, अनुपम टीबड़ेवाल, निषिश अग्रवाल, पंकज अग्रवाल, मनोज गुप्ता, रामबहादुर प्रजापति, राजेश कुमार, सविता, कुलदीप गुप्ता, गौरव अरोड़ा, पवन मौर्य, सत्यवती पाठक, दीक्षा पाठक, श्रद्धा, माही, ममता, मीनू-राजेंद्र भसीन, अंकुर गुप्ता, काजल-जगमोहन प्रजापति, अंकुर कक्कड़, अंकुश अग्रवाल, अनूप मिश्रा, भगवानदास, अभिषेक शर्मा, पुनीत मिश्रा, डॉली सक्सेना, इंद्रेश, अभिषेक, आदित्य, राजकुमार, अंकुर कश्यप, बिपिन कश्यप, सचिन और विशाल समेत सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे।
BareillyLive :






Leave a Reply