Bareillylive : पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भारत के निर्माण के उद्देश्य से चलाए जा रहे हरित संकल्प अभियान के अंतर्गत डोहरा चौराहा स्थित मेफेयर लॉन के पीछे 49 पौधों का रोपण किया गया। यह कार्यक्रम स्वस्थ भारत उत्कृष्ट भारत फाउंडेशन एवं सिविल डिफेंस, बरेली के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर सिविल डिफेंस की टीम तथा स्वस्थ भारत उत्कृष्ट भारत फाउंडेशन के सदस्यों ने सक्रिय सहभागिता करते हुए वृक्षारोपण कार्य को सफल बनाया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना तथा अधिक से अधिक लोगों को वृक्षारोपण एवं उनके संरक्षण के लिए प्रेरित करना रहा।
संस्था की ओर से श्री अरुण कुमार सक्सेना (वनमंत्री) एवं श्री राजीव साहनी (महानगर महामंत्री) का विशेष आभार व्यक्त किया गया, जिनके सौजन्य से वृक्षारोपण हेतु पौधे उपलब्ध कराए गए।
साथ ही श्री भानु पटेल जी का भी विशेष धन्यवाद ज्ञापित किया गया, जिन्होंने पौधारोपण के लिए अपनी भूमि उपलब्ध कराई। इस अवसर पर उन्होंने यह संकल्प भी लिया कि लगाए गए सभी पौधों का नियमित संरक्षण एवं देखभाल अपने माली के माध्यम से सुनिश्चित करेंगे।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी सदस्यों ने पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर कार्य करने तथा अधिक से अधिक पौधे लगाने एवं बचाने का संकल्प लिया। संस्था ने नागरिकों से भी अपील की कि वे पर्यावरण संरक्षण हेतु वृक्षारोपण के साथ-साथ पौधों के संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभाएं।






Leave a Reply