महादेव सेवा समिति की कावड़ यात्रा के लिए जनजागरूकता बैठक, अनुशासन और परंपरा बनाए रखने पर जोर
Bareillylive : महादेव सेवा समिति की ओर से आदर्श कावड़ यात्रा 2026 को सफल और मर्यादित स्वरूप में संपन्न कराने के उद्देश्य से रविवार को शहर के एक बैंक्वेट हॉल में जनजागरूकता बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपस्थित सामाजिक चिंतकों ने एक स्वर में कहा कि इस बार बरेली में कावड़ यात्रा को अनुशासन, आस्था और सनातन परंपरा के अनुरूप संपन्न कराने के लिए सभी लोग सहयोग करेंगे।
समिति के अध्यक्ष दुर्गेश कुमार गुप्ता ने कहा कि कावड़ यात्रा के दौरान धार्मिक भावनाओं और परंपरागत मर्यादा का विशेष ध्यान रखा जाएगा। उन्होंने भक्तों से अपील की कि यात्रा के दौरान कावड़ को सड़क पर नाच-गाने का माध्यम न बनाया जाए और किसी भी प्रकार के असामान्य प्रदर्शन से बचा जाए। उन्होंने यह भी कहा कि अधिक ध्वनि वाले डीजे और शोर-शराबे से परहेज किया जाए, ताकि यात्रा का आध्यात्मिक स्वरूप बना रहे। उन्होंने बताया कि समिति की ओर से इस बार भजन-कीर्तन और पारंपरिक धार्मिक प्रस्तुति को प्राथमिकता दी जाएगी।
दुर्गेश गुप्ता ने कहा कि कावड़ यात्रा को मर्यादित, व्यवस्थित और सनातनी स्वरूप में संपन्न कराना ही समिति का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सभी लोग यात्रा की गरिमा बनाए रखने में योगदान दें।
बैठक में महामंडलेश्वर डॉ. शिवानंद प्रवीण भारद्वाज, विकास मेहरोत्रा, ज्ञानेंद्र गुप्ता, जसपाल भारद्वाज, लवलीन कपूर, गब्बर शर्मा, हिंदू राय, इंद्रजीत द्विवेदी, भास्कर द्विवेदी, दीपक पाठक, प्रदीप रस्तोगी, बिंदु राय, शाहिद समेत कई सामाजिक चिंतक मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने भी यात्रा को शांतिपूर्ण, अनुशासित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने पर बल दिया।
सभा में यह निर्णय लिया गया कि कावड़ यात्रा से पूर्व जन जागरूकता अभियान चलाकर श्रद्धालुओं को मर्यादित आचरण, सुरक्षा व्यवस्था और धार्मिक परंपराओं के पालन के लिए प्रेरित किया जाएगा। समिति ने विश्वास जताया कि सामूहिक प्रयासों से आदर्श कावड़ यात्रा 2026 बरेली में सफलतापूर्वक और गरिमापूर्ण ढंग से संपन्न होगी।






Leave a Reply