bareillylive@bareillynews:बदायूं में कांवड़ यात्रा की तैयारियों की समीक्षा, एडीजी ने बरेली, शाहजहांपुर और संभल के अधिकारियों के साथ की बैठक
श्रावण मास/कांवड़ यात्रा-2026 के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम यातायात व्यवस्था एवं सुदृढ़ कानून-व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अपर पुलिस महानिदेशक, बरेली जोन, रमित शर्मा द्वारा जनपद बदायूं के थाना उझानी क्षेत्रान्तर्गत स्थित कछला घाट का स्थलीय निरीक्षण/भ्रमण किया गया। निरीक्षण के उपरांत पुलिस लाइन, जनपद बदायूं स्थित सभागार में जनपद बदायूं के सीमावर्ती जनपद बरेली, शाहजहांपुर एवं जनपद सम्भल के अधिकारियों के साथ अंतर्जनपदीय समन्वय के सम्बन्ध में बृहद समीक्षा बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
निरीक्षण/भ्रमण के दौरान अपर पुलिस महानिदेशक द्वारा कछला घाट पर स्थापित सुरक्षा व्यवस्थाओं, गहरे पानी वाले क्षेत्रों में मजबूत बैरिकेडिंग, सुरक्षा रस्सियों, रेड फ्लैग, चेतावनी साइनेज व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्नान हेतु किए गए प्रबंधों का निरीक्षण किया गया। उन्होंने लाइफ जैकेट, रबर ट्यूब, गोताखोरों एवं जल पुलिस की उपलब्धता एवं उनकी क्रियाशीलता की भी जांच की तथा सभी जीवनरक्षक उपकरणों को हर समय उपयोग के लिए तैयार रखने के निर्देश दिए। वॉच टावर, सीसीटीवी कैमरों, पब्लिक एड्रेस सिस्टम (PA- System), प्रकाश व्यवस्था, मेडिकल सहायता, एम्बुलेंस, फायर सर्विस एवं आपातकालीन रेस्क्यू संसाधनों की उपलब्धता का भी निरीक्षण किया गया।

इसके उपरांत पुलिस लाइन सभागार, बदायूं में आयोजित समीक्षा बैठक में कांवड़ यात्रा की संपूर्ण तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक में कछला घाट एवं संपूर्ण कांवड़ मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने, सेक्टरवार ड्यूटी प्रणाली लागू करने, प्रमुख स्थलों पर वॉच टावर स्थापित करने तथा सीसीटीवी कैमरों एवं प्रभावी पब्लिक एड्रेस सिस्टम के माध्यम से सतत निगरानी एवं भीड़ प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पर्याप्त संख्या में महिला पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए गए। साथ ही मेडिकल कैंप, एम्बुलेंस, जीवनरक्षक दवाओं एवं पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सभी प्रमुख घाटों एवं कांवड़ मार्गों पर उपलब्ध रखने के निर्देश भी दिए गए।
अपर पुलिस महानिदेशक द्वारा बदायूं-कासगंज मार्ग पर लागू ट्रैफिक डायवर्जन योजना का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा डायवर्जन मार्गों पर आवश्यक Traffic Diversion Signage (मार्ग परिवर्तन संकेतक) एवं दिशा-सूचक बोर्ड स्थापित कर उसका व्यापक प्रचार-प्रसार कर करते हुए आमजन को पूर्व से ही वैकल्पिक मार्ग की स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराने तथा घाट क्षेत्र एवं कांवड़ मार्गों पर वाहनों की पृथक पार्किंग व्यवस्था तथा संकरे मार्गों पर यातायात का प्रभावी नियमन करने के निर्देश दिए।
बैठक में निर्देशित किया गया कि कासगंज पुलिस एवं प्रशासन के साथ प्रभावी समन्वय स्थापित करते हुए संयुक्त संचार प्रणाली एवं त्वरित सूचना आदान-प्रदान सुनिश्चित किया जाए। इसके अतिरिक्त बरेली, संभल, बदायूं एवं शाहजहांपुर पुलिस के मध्य प्रभावी अंतर्जनपदीय समन्वय बनाए रखते हुए ट्रैफिक डायवर्जन, श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही एवं संयुक्त पेट्रोलिंग सुनिश्चित की जाए। सीमावर्ती क्षेत्रों में संयुक्त चेकपोस्ट एवं पुलिस कंट्रोल रूम के मध्य सतत संपर्क बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

अपर पुलिस महानिदेशक ने दुर्घटना संभावित (ब्लैक स्पॉट) स्थलों पर विशेष सतर्कता, पर्याप्त बैरिकेडिंग, साइनेज, रिफ्लेक्टर एवं रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए।
प्रत्येक ड्यूटी प्वाइंट पर तैनात पुलिसकर्मियों को उनके दायित्वों की पूर्व ब्रीफिंग राजपत्रित अधिकारियों द्वारा स्वयं कराई जाए तथा प्रत्येक पुलिसकर्मी श्रद्धालुओं के प्रति विनम्र, संवेदनशील एवं सहयोगात्मक व्यवहार अपनाते हुए उनकी शिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करे।
बैठक में यह भी निर्देशित किया गया कि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने हेतु क्यूआरटी (QRT), रिजर्व पुलिस बल एवं समस्त आपातकालीन संसाधन 24*7 पूर्ण सजगता के साथ उपलब्ध रहें।
अपर पुलिस महानिदेशक ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा के दौरान प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी टीम भावना के साथ समन्वित रूप से कार्य करते हुए श्रद्धालुओं को सुरक्षित, व्यवस्थित एवं सुगम वातावरण उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें, जिससे कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
समीक्षा बैठक में पुलिस उपमहानिरीक्षक, बरेली परिक्षेत्र, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जनपद बदायूं, पुलिस अधीक्षक जनपद सम्भल, अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी), जनपद बरेली सहित जनपद बदायूं के समस्त अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी जलालाबाद जनपद शाहजहांपुर, श्री दीपक कुमार, जनपद बदायूं के समस्त क्षेत्राधिकारी एवं समस्त थाना प्रभारी तथा जनपद बरेली, शाहजहांपुर व सम्भल के अधिकारीगण भी उपस्थित रहे।






Leave a Reply