bareillylive@bareillynews:बरेली। नशे के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने और युवाओं को सकारात्मक एवं रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने के उद्देश्य से महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय में जनपद स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के माय भारत, बरेली की ओर से आयोजित ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ कार्यक्रम में युवाओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए नशामुक्ति का संदेश दिया।
माय भारत की उपनिदेशक पुष्पा सिंह के निर्देशन में आयोजित प्रतियोगिताओं में लोकगीत, नृत्य, नुक्कड़ नाटक, माइम एक्ट, चित्रकला, वाद-विवाद, रील एवं शॉर्ट फिल्म मेकिंग, स्लोगन लेखन और स्लैम काव्य जैसी विधाओं में युवाओं ने उत्साह से भाग लिया। प्रतिभागियों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों को उजागर करते हुए स्वस्थ और नशामुक्त जीवन का संदेश दिया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि राज्य महिला आयोग की सदस्य पुष्पा पाण्डेय ने कहा कि नशा युवाओं की ऊर्जा, क्षमता और प्रतिभा को कमजोर करता है। नशामुक्त युवा ही स्वस्थ समाज और विकसित भारत की मजबूत नींव तैयार कर सकते हैं। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर अपनी ऊर्जा को रचनात्मक कार्यों में लगाने का आह्वान किया।
छात्राओं प्रगति मिश्रा, सुनैना सक्सेना और श्रद्धा ने गीत एवं कविताओं की प्रभावी प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम का संचालन प्रणव और लवी ने किया। प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को स्मृति चिह्न और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि कर्नल (सेवानिवृत्त) पंकज अग्रवाल, प्रो. ए.के. सिंह और डॉ. ज्योति पाण्डेय के अलावा प्रो. रुचि गुप्ता, प्रो. ज्योति शर्मा, डॉ. आकांक्षा रस्तोगी, डॉ. प्रीति सिंह, डॉ. हिमशिखा यादव, डॉ. प्रियांशु अग्रवाल, डॉ. प्रिया सक्सेना, डॉ. अफसाना, डॉ. विश्वदीप, डॉ. रफ्फान अली, डॉ. शोभा कुदेशिया, डॉ. अनिल कुमार बिष्ट, डॉ. विमल कुमार, तपन कुमार, हिमांशी और समाजसेवी भूपेंद्र सिंह मौजूद रहे। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के शिक्षक, विद्यार्थी और गणमान्य लोग भी शामिल हुए।






Leave a Reply