बरेली@bareillylive:बरेली। संस्कार किड्स किंगडम की जनकपुरी और बदायूं रोड स्थित दोनों शाखाओं में ब्रज उत्सव हर्षोल्लास और धार्मिक भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नन्हे बच्चों को ब्रजभूमि की संस्कृति, भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं और गौसेवा के संस्कारों से परिचित कराना रहा।
उत्सव में पांच वर्ष तक की आयु के बच्चे ब्रज संस्कृति से जुड़े विभिन्न पात्रों का रूप धारण कर पहुंचे। बच्चों ने अपने पात्रों को जीवंत करते हुए उनके आपसी संबंधों और ब्रज की परंपराओं का मंचन किया। अभिभावकों ने बच्चों के मनमोहक स्वरूपों के दर्शन किए। इस दौरान नन्हे बच्चों की आरती उतारी गई और लड्डू गोपाल का निरंतर अभिषेक किया गया।
बच्चों को बताया गौसेवा का महत्व
कार्यक्रम में बच्चों को भगवान श्रीकृष्ण के गौप्रेम, गोपालक स्वरूप और गौसेवा के महत्व की जानकारी दी गई। इस अवसर पर अभिभावकों ने संकल्प लिया कि वे प्रतिदिन अपने बच्चों के माध्यम से गाय को एक रोटी अवश्य खिलाएंगे। साथ ही भोजन या अन्य खाद्य सामग्री पॉलीथिन में भरकर खुले में नहीं फेंकने और रोटी को आसपास की गौशाला तक पहुंचाने की व्यवस्था करने का भी निर्णय लिया गया।
भजनों पर बच्चों ने दी मनमोहक प्रस्तुतियां
कार्यक्रम के दौरान नन्हे बच्चों ने विभिन्न भजनों पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियां दीं। ‘छोटी-छोटी गैया, छोटे-छोटे ग्वाल’ जैसे भजनों पर बच्चों की प्रस्तुतियों ने अभिभावकों और अतिथियों को मंत्रमुग्ध कर दिया। बच्चों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से ब्रज की लोकसंस्कृति और भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन आगामी रोटरी गवर्नर सीए विनय कृष्ण ने किया।
संस्कार किड्स किंगडम के निदेशक आलोक प्रकाश ने बताया कि बच्चों का ब्रजभूमि से लगाव बढ़ाने के लिए विद्यालय में कक्षाओं के सेक्शन के नाम वृंदावन, गोकुल और नंदगांव रखे गए हैं। बच्चों को इन स्थानों के धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व से परिचित कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जाते हैं।
उन्होंने कहा कि भारतभूमि में ब्रजभूमि का विशेष स्थान है। इसी भावना के तहत कृष्ण जन्माष्टमी और राधाष्टमी के मध्य प्रतिवर्ष इस उत्सव का आयोजन किया जाता है। कार्यक्रम को सफल बनाने में कमलेश कुमार, अर्चना सक्सेना, साक्षी यादव सहित विद्यालय के शिक्षकों और कर्मचारियों का विशेष सहयोग रहा।






Leave a Reply