The Voice of Bareilly since 2010

एसबीआई यूनियन का आंदोलन तेज: बरेली में मौन प्रदर्शन, पेंशन-भर्ती की मांग

Bareillylive : ऑल इंडिया स्टेट बैंक ऑफ इंडिया स्टाफ फेडरेशन के आह्वान पर देशभर में बैंक कर्मचारियों द्वारा अपनी लंबित मांगों के समर्थन में चरणबद्ध आंदोलन तेज हो गया है। इसी कड़ी में बरेली परिक्षेत्र के स्टेट बैंक कर्मचारियों ने रविवार को प्रशासनिक कार्यालय के समक्ष मौन प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने कागजों पर अपनी मांगें लिखकर शांतिपूर्ण तरीके से बैंक प्रबंधन के प्रति विरोध दर्ज कराया।

प्रदर्शन में कर्मचारियों ने प्रमुख मांगें उठाईं, जिनमें मैसेंजरों की शीघ्र भर्ती, सशस्त्र गार्डों की नियुक्ति, एनपीएस कर्मचारियों को पेंशन फंड मैनेजर बदलने का विकल्प, 2019 के बाद नियुक्त कर्मचारियों को इंटर-सर्कल ट्रांसफर सुविधा, आउटसोर्सिंग व्यवस्था समाप्ति, पर्याप्त भर्ती, वेतन-सेवा शर्तों में समानता (पेरिटी), कैरियर प्रगति योजना की समीक्षा, 10वीं द्विपक्षीय समझौते के तहत सेवानिवृत्त कर्मचारियों को 8वीं स्टेगनेशन वृद्धि, 15 जुलाई 2024 से चिकित्सकीय परामर्श शुल्क लागू करना व चिकित्सा प्रतिपूर्ति में सुधार, 7वीं द्विपक्षीय समझौते में पेंशन के लिए सभी वेतन घटक शामिल करना, एचआरएमएस समस्याओं का समाधान, वर्कमेन एम्प्लॉयी डायरेक्टर व पीएफ ट्रस्टी नामित सदस्य की नियुक्ति तथा क्रॉस-सेलिंग के नाम पर मिस-सेलिंग पर रोक शामिल हैं।

प्रदर्शन की अगुवाई उप महामंत्री कामरेड नवींद्र कुमार ने की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की न्यायोचित मांगों की लगातार अनदेखी हो रही है, जिससे आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा। उन्होंने चेतावनी दी कि 12 मई को शाखा व कार्यालय स्तर पर कर्मचारी काला मास्क लगाकर बैंकिंग कार्य करेंगे। यदि मांगें पूरी न हुईं, तो 25-26 मई 2026 को प्रस्तावित राष्ट्रव्यापी हड़ताल को पूर्ण एकजुटता से सफल बनाया जाएगा।

प्रदर्शन में क्षेत्रीय सचिव पूजा कौशल, भूपेंद्र कुमार, आंचलिक सचिव विकास कुमार, अध्यक्ष लीलाधर, सचिव अजय वीर, ऋषभ त्रिपाठी, दीप्ति पांडे, रोली सक्सेना, अनुकृति, प्रतिभा, निधि मिश्रा, राधेश्याम, सुरेंद्र यादव सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी व पदाधिकारी उपस्थित रहे। फेडरेशन ने बैंक प्रबंधन से मांग की है कि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई हो, वरना आंदोलन और तेज होगा।

error: Content is protected !!