bareillylive@bareillynews:बरेली। सावन माह के पावन अवसर पर तुलसी स्थल मंदिर स्थित शिवालय में भगवान भोलेनाथ का भव्य बर्फानी श्रृंगार किया गया। बर्फ से सजे शिवलिंग के मनोहारी और दिव्य स्वरूप ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। मंदिर परिसर में गूंजते हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से पूरा वातावरण शिवमय हो गया।
बताया गया कि चालीसा ग्रुप पिछले करीब 30 वर्षों से सावन के पवित्र माह में नियमित रूप से शिव चालीसा का पाठ करता आ रहा है। इसी धार्मिक परंपरा को आगे बढ़ाते हुए पिछले 12 वर्षों से भगवान शिव के शिवलिंग का बर्फानी श्रृंगार भी लगातार किया जा रहा है।
बर्फानी श्रृंगार के दौरान शिवलिंग को आकर्षक ढंग से बर्फ से सजाया गया। इस अवसर पर मठ के महंत नीरज नयन दास के सानिध्य में शिव भक्तों ने विशेष पूजा-अर्चना की। इसके साथ ही शिव चालीसा पाठ और विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे और भगवान भोलेनाथ के बर्फानी स्वरूप के दर्शन कर पूजा-अर्चना की।
आयोजकों ने बताया कि सावन माह में भगवान शिव की आराधना का विशेष महत्व है। इसी धार्मिक भावना के साथ चालीसा ग्रुप द्वारा करीब तीन दशक से शिव चालीसा पाठ का आयोजन किया जा रहा है। वहीं पिछले 12 वर्षों से बर्फानी श्रृंगार की परंपरा इस आयोजन को और भव्य बना रही है और यह श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण एवं आस्था का केंद्र बनी हुई है।
आयोजन में आलोक गर्ग, राजकुमार गुप्ता, अजीत रस्तोगी, रजत खंडेलवाल, असित रस्तोगी, मानस अग्रवाल, उदित रस्तोगी, आयुष गर्ग, नरेश रस्तोगी, अंकुर और आशु रस्तोगी का विशेष योगदान रहा।






Leave a Reply