The Voice of Bareilly since 2010

सपा एमएलसी किरण पाल का बरेली दौरा, कश्यप समाज को एकजुट होने का दिया आह्वान

सपा एमएलसी किरण पाल का बरेली दौरा

Bareillylive: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का संदेश लेकर सपा के राष्ट्रीय सचिव और एमएलसी किरण पाल कश्यप रविवार को बरेली पहुंचे। सपा कार्यालय में शहर एवं कैंट विधानसभा क्षेत्र के कश्यप समाज के प्रमुख लोगों के साथ बैठक कर उन्होंने समाज की समस्याओं और आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा की।

बैठक में वक्ताओं ने कश्यप समाज को समाजवादी पार्टी का मजबूत हितैषी बताते हुए 2027 में अखिलेश यादव के नेतृत्व में सपा सरकार बनाने का आह्वान किया। एमएलसी किरण पाल कश्यप ने कहा कि भाजपा सरकार में कश्यप समाज का सबसे ज्यादा उत्पीड़न और उपेक्षा हुई है। समाज के लोगों के अधिकारों और राजनीतिक भागीदारी को कमजोर करने का प्रयास किया गया।

उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ने हमेशा पिछड़े, वंचित और कमजोर वर्गों को सम्मान और अधिकार दिलाने की लड़ाई लड़ी है। वह अखिलेश यादव का संदेश लेकर कश्यप समाज के बीच आए हैं। आज जरूरत समाज को एकजुट करने की है। कश्यप समाज यदि एकजुट होकर अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाएगा तो 2027 में सत्ता परिवर्तन निश्चित है।

बैठक की अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष शमीम खाँ सुल्तानी ने की तथा संचालन महानगर महासचिव पंडित दीपक शर्मा ने किया। बैठक को जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव, पूर्व मंत्री शहज़िल इस्लाम सहित अन्य नेताओं ने संबोधित किया। इस दौरान एमएलसी किरण पाल कश्यप ने कैंट विधानसभा के लगभग एक दर्जन नौजवानों को धीरज राजपूत एवं रवि कश्यप के नेतृत्व में पार्टी ज्वाइन कराई।

सपा जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव ने कहा कि कश्यप समाज मेहनतकश, संघर्षशील और सामाजिक सरोकारों से जुड़ा समाज है। भाजपा सरकार में महंगाई और बेरोजगारी से आम जनता परेशान है। अब जनता बदलाव चाहती है और 2027 में अखिलेश यादव के नेतृत्व में सपा की सरकार बनाकर भाजपा को जवाब देगी।

महानगर अध्यक्ष शमीम खाँ सुल्तानी ने कहा कि भाजपा की सरकार में संविधान और लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है। संविधान ने पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक और कमजोर वर्गों को समान अधिकार दिए हैं। इन अधिकारों की रक्षा के लिए सपा मजबूती से संघर्ष करेगी।

पूर्व मंत्री शाहज़िल इस्लाम ने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों से आम आदमी परेशान है। महंगाई और बेरोजगारी लगातार लोगों की मुश्किलें बढ़ा रही हैं। पूर्व जिलाध्यक्ष शिव चरन कश्यप ने कहा कि भाजपा सरकार ने जनता को महंगाई, बेरोजगारी और सामाजिक असमानता के भंवर में फंसा दिया है। अब भाजपा के बनाए भंवर से जनता को अखिलेश यादव के नेतृत्व में निकालेंगे।

बैठक में कश्यप समाज के प्रमुख लोगों ने समाज की समस्याएं और भाजपा सरकार में हो रहे अत्याचार नेताओं के सामने रखे। वक्ताओं ने आगामी विधानसभा चुनाव को सामाजिक न्याय, संविधान और लोकतंत्र की रक्षा की लड़ाई बताते हुए मिशन 2027 को सफल बनाने का संकल्प लिया। इस दौरान शहर एवं कैंट विधानसभा क्षेत्र के कश्यप समाज के प्रमुख लोग, सपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!