bareillylive:bareillynews:बरेली में छात्रों-युवाओं का ‘युवा आक्रोश मार्च’, पेपर लीक पर जताया विरोध
बरेली। परिवर्तनकामी छात्र संगठन के बैनर तले कैलाश शहर सचिव के नेतृत्व में सोमवार को दामोदर स्वरूप पार्क में छात्रों और युवाओं ने सभा आयोजित कर पेपर लीक की घटनाओं के विरोध में प्रदर्शन किया।
सभा के बाद प्रतिभागियों ने अय्यूब खां चौराहे तक ‘युवा आक्रोश मार्च’ निकाला। प्रदर्शनकारियों ने पेपर लीक पर प्रभावी रोक लगाने और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की।
सभा का संचालन करते हुए पछास की दिशा ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार छात्रों और युवाओं का विश्वास खो चुकी है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर पिछले एक माह से छात्रों और युवाओं का धरना जारी है, लेकिन सरकार उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दे रही है।
पछास की निशा ने कहा कि बार-बार हो रहे पेपर लीक सरकार की विफलता को दर्शाते हैं और इसकी जिम्मेदारी लेते हुए शिक्षा मंत्री को इस्तीफा देना चाहिए।
कार्यक्रम को समर्थन देते हुए क्रांतिकारी लोक अधिकार संगठन के हिमांशु, इंकलाबी मज़दूर केंद्र के शहर सचिव ध्यान चंद्र मौर्या और ऑटो रिक्शा टेंपो चालक वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष कृष्णपाल ने भी अपने विचार रखे।
वक्ताओं ने छात्रों, युवाओं और मेहनतकश वर्गों की समस्याओं का उल्लेख करते हुए एकजुट होकर संघर्ष करने का आह्वान किया।
बरेली कॉलेज के छात्र देवाशीष ने कहा कि लगातार पेपर लीक की घटनाओं से छात्र और अभिभावक मानसिक तनाव झेल रहे हैं।
उन्होंने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
मार्च के समापन पर पछास के शहर सचिव कैलाश ने कहा कि यदि छात्रों की मांगों की अनदेखी जारी रही तो देशभर के युवा लोकतांत्रिक तरीके से अपना आंदोलन तेज करेंगे।
सभा को साक्षी, राजन सक्सेना, अमित, प्रकुल और वरुण सक्सेना सहित अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया।
कार्यक्रम में गुंजन, प्रियंका, श्वेता, सोमवती, आदित्य सिंह, सौरभ पटेल, कमल सिंह, कुलदीप, अरविंद शुक्ला, उमेश, देवेश, मोइनुद्दीन, महिपाल, इम्तियाज और अन्य छात्र-युवा एवं समर्थक मौजूद रहे।






Leave a Reply