बरेली@bareillylive:बरेली, 23 सितंबर। रेलवे बोर्ड, नई दिल्ली एवं पूर्वोत्तर रेलवे मुख्यालय के निर्देशानुसार इज्जतनगर मंडल में ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान के तहत बुधवार को मंडल के विभिन्न स्टेशनों एवं रेलवे परिसरों में जनभागीदारी आधारित स्वच्छता एवं जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। मंडल रेल प्रबंधक सुश्री वीणा सिन्हा के मार्गदर्शन में चलाए गए अभियान का उद्देश्य स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करने के साथ ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, कचरे के स्रोत पर पृथक्करण, घरेलू कंपोस्टिंग और सिंगल यूज प्लास्टिक के इस्तेमाल को कम करने के लिए प्रेरित करना रहा।
डोर-टू-डोर अभियान से कचरा पृथक्करण का संदेश
अभियान के तहत पीलीभीत, काठगोदाम, हल्द्वानी, लालकुआं, रुद्रपुर सिटी, काशीपुर, बरेली सिटी, इज्जतनगर, कासगंज, हाथरस, फर्रुखाबाद और कन्नौज समेत विभिन्न स्टेशनों एवं रेलवे कॉलोनियों में डोर-टू-डोर जागरूकता अभियान चलाया गया। रेलकर्मियों और उनके परिवारों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 तथा कचरे को स्रोत पर अलग-अलग रखने के महत्व की जानकारी दी गई।
इस दौरान ‘अब दो नहीं, चार’ संदेश के माध्यम से गीला, सूखा, घरेलू खतरनाक और अन्य श्रेणी के कचरे को अलग-अलग रखने के लिए लोगों को प्रेरित किया गया।
घरेलू कंपोस्टिंग और बायो-कंपोस्ट पर जोर
रेलवे कॉलोनियों, रेलवे चिकित्सालयों एवं कार्यशालाओं में घरेलू कंपोस्टिंग और बायो-कंपोस्ट सुविधाओं के प्रति भी जागरूकता बढ़ाई गई। उपलब्ध सुविधाओं के अधिक से अधिक उपयोग को प्रोत्साहित किया जा रहा है। आवश्यकतानुसार सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के सहयोग से भी इन गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है।
सिंगल यूज प्लास्टिक के इस्तेमाल को कम करने की पहल
सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग को कम करने के लिए स्टेशनों के वेंडिंग क्षेत्रों में कपड़े के थैलों के इस्तेमाल को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसके साथ ही CSR के सहयोग से स्टेशनों पर स्थापित प्लास्टिक बोतल क्रशिंग मशीनों के समुचित संचालन एवं रखरखाव पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
रेलवे स्कूलों और कॉलोनियों में जीरो-वेस्ट प्रतियोगिताएं
रेलवे स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, रेलवे विद्यालयों एवं रेलवे कॉलोनियों में ‘जीरो-वेस्ट प्रतियोगिताओं’ का आयोजन किया जा रहा है। इन गतिविधियों के माध्यम से खेलों के साथ स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और कचरे को न्यूनतम करने का संदेश दिया जा रहा है।
इसके अलावा विभिन्न स्टेशनों एवं रेलवे कॉलोनियों में ‘नेकी की दीवार’ स्थापित कर जरूरतमंदों तक उपयोगी वस्तुएं पहुंचाने की पहल की जा रही है।
3R के जरिए पर्यावरण संरक्षण का संदेश
अभियान के दौरान लोगों को 3R—Reduce, Reuse और Recycle के महत्व की जानकारी भी दी गई।
- Reduce (कम करना): पानी, बिजली और वस्तुओं के अनावश्यक उपयोग को कम कर कचरा घटाना।
- Reuse (पुनः उपयोग): वस्तुओं को फेंकने के बजाय दोबारा या किसी अन्य उपयोग में लाना।
- Recycle (पुनर्चक्रण): कागज, प्लास्टिक, कांच और धातु जैसे कचरे को पुनः संसाधित कर उपयोगी वस्तुओं में बदलना।
गैर-सरकारी संगठनों एवं स्वयं सहायता समूहों के सहयोग से उपयोग योग्य वस्तुओं के संग्रह, पुनः उपयोग और जरूरतमंदों तक उनके पुनर्वितरण को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है।
इज्जतनगर मंडल की ओर से जनभागीदारी के माध्यम से स्वच्छता का संदेश घर-घर पहुंचाने और स्वच्छ, स्वस्थ एवं पर्यावरण-अनुकूल रेलवे परिसर के निर्माण की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।






Leave a Reply