The Voice of Bareilly since 2010

पपीता, ड्रैगनफ्रूट, स्ट्रॉबेरी समेत बागवानी योजनाओं के लक्ष्य तय, किसानों को 50% तक मिलेगा अनुदान

bareillylive#bareillynews:बरेली। जिला उद्यान अधिकारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि उद्यान विभाग, बरेली के अंतर्गत संचालित एकीकृत बागवानी विकास मिशन के तहत विभिन्न योजनाओं के लिए लक्ष्य निर्धारित कर दिए गए हैं। जनपद के इच्छुक किसान इन योजनाओं का लाभ उठाने के लिए विभागीय पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

उन्होंने बताया कि योजनाओं के तहत पपीता (2 हेक्टेयर), ड्रैगनफ्रूट (1 हेक्टेयर), स्ट्रॉबेरी (2 हेक्टेयर), संकर शाकभाजी (20 हेक्टेयर), मसाला क्षेत्र विस्तार (प्याज एवं लहसुन-24 हेक्टेयर), फेंसिंग (1600 रनिंग मीटर), पावर टिलर (1), ईको फ्रेंडली लाइट ट्रैप (50), लो-कॉस्ट मशरूम उत्पादन इकाई (1) तथा सब्जियों के लिए मचान (10 हेक्टेयर) के लक्ष्य प्राप्त हुए हैं।

जिला उद्यान अधिकारी ने बताया कि इन योजनाओं के अंतर्गत पात्र किसानों को 40 से 50 प्रतिशत तक अनुदान प्रदान किया जाएगा। योजना का लाभ लेने के लिए विभागीय पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करना अनिवार्य है।

आवेदन के लिए खतौनी, आधार कार्ड, बैंक पासबुक, अनुसूचित जाति/जनजाति वर्ग के किसानों के लिए जाति प्रमाण पत्र, पासपोर्ट आकार का फोटो तथा मोबाइल नंबर आवश्यक होंगे। किसानों का चयन ‘प्रथम आवक, प्रथम पावक’ (First Come, First Serve) के आधार पर किया जाएगा।

योजना से संबंधित अधिक जानकारी या आवेदन प्रक्रिया के लिए किसान जिला उद्यान अधिकारी जितेंद्र कुमार के मोबाइल नंबर 9151066859 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा किसी भी कार्य दिवस में जिला उद्यान अधिकारी कार्यालय, सौ फुटा रोड, डेलापीर, बरेली पहुंचकर भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!