The Voice of Bareilly since 2010

ललिता गौतम हत्याकांड में कार्रवाई की मांग को लेकर आरक्षण बचाओ संघर्ष समिति ने सौंपा ज्ञापन

bareillylive:bareillynews:ललिता गौतम हत्याकांड में कार्रवाई की मांग को लेकर आरक्षण बचाओ संघर्ष समिति ने सौंपा ज्ञापन

बरेली। आरक्षण बचाओ संघर्ष समिति के वरिष्ठ नेता रणवीर सिंह के नेतृत्व में सोमवार को कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर महामहिम राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा। ज्ञापन में मेरठ के चर्चित ललिता गौतम हत्याकांड के शेष आरोपियों की गिरफ्तारी, प्रदर्शनकारियों पर हुई कथित पुलिस कार्रवाई और अधिवक्ता रवि गौतम के साथ कथित अभद्रता की निष्पक्ष जांच की मांग की गई।


रणवीर सिंह ने कहा कि 15 मई को मेरठ जनपद के रोहटा थाना क्षेत्र के ग्राम उकसिया में दलित छात्रा ललिता गौतम का अपहरण कर उनकी निर्मम हत्या कर दी गई थी।

उन्होंने आरोप लगाया कि इस जघन्य घटना के सभी आरोपी अब तक गिरफ्तार नहीं किए गए हैं, जिससे पीड़ित परिवार और समाज में भारी आक्रोश व्याप्त है।


उन्होंने कहा कि शेष आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर 8 जुलाई को मेरठ कलेक्ट्रेट पहुंचे परिजनों और समाज के लोगों पर कथित रूप से लाठीचार्ज किया गया तथा कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया। समिति का कहना है कि यह कार्रवाई लोकतांत्रिक अधिकारों के विपरीत है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।


ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि अधिवक्ता रवि गौतम के साथ एसएसपी मेरठ द्वारा पुलिस वाहन में बैठाने के बाद कथित अभद्रता और बल प्रयोग किए जाने की खबरें एवं वीडियो सामने आई हैं।

समिति ने मांग की कि यदि जांच में किसी पुलिस अधिकारी या कर्मचारी द्वारा नियमों के विपरीत बल प्रयोग, अभद्र व्यवहार अथवा अधिकारों के दुरुपयोग की पुष्टि होती है, तो संबंधित दोषियों के विरुद्ध कठोर विभागीय और विधिक कार्रवाई की जाए।


आरक्षण बचाओ संघर्ष समिति ने राज्यपाल से पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध जांच कराने तथा पीड़ित परिवार को शीघ्र न्याय दिलाने के लिए आवश्यक निर्देश जारी करने की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!