The Voice of Bareilly since 2010

विभाजन विभीषिका दिवस पर जिला प्रशासन ने आयोजित किया चित्रकला प्रदर्शनी और सांस्कृतिक कार्यक्रम

विभाजन विभीषिका दिवस पर जिला प्रशासन

बरेली। विभाजन विभीषिका दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन की ओर से पं. राधेश्याम स्मृति भवन (स्मार्ट सिटी ऑडिटोरियम) में चित्रकला प्रदर्शनी एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने सहभागिता कर स्वतंत्रता सेनानियों और देश के विभाजन के दौरान विस्थापित परिवारों की पीड़ा को याद किया।

कार्यक्रम का उद्देश्य नई पीढ़ी को वर्ष 1947 में हुए देश के विभाजन की त्रासदी, विस्थापित परिवारों के संघर्ष और स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान से परिचित कराना रहा। इस दौरान चित्रकला प्रदर्शनी और रंगोली के माध्यम से विभाजन के दौर की घटनाओं एवं भावनाओं को प्रदर्शित किया गया।

कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और विद्यार्थियों की रचनात्मकता की सराहना की। उन्होंने कहा कि विभाजन की पीड़ा को भुलाया नहीं जा सकता। इतिहास के इस दुखद अध्याय को याद करने का उद्देश्य समाज में एकता, भाईचारे और राष्ट्रीय भावना को और मजबूत करना है।

कार्यक्रम के दौरान जनपद स्तरीय विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रम में नुक्कड़ नाटक की प्रस्तुति देने वाली छात्राओं को भी प्रमाण पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

इस अवसर पर क्षेत्रीय अध्यक्ष पूरन लाल लोधी, सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रश्मि पटेल, बिथरी विधायक डॉ. राघवेंद्र शर्मा, महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना सहित प्रशासनिक अधिकारी एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने चित्रकला प्रदर्शनी का अवलोकन कर विभाजन के दौरान विस्थापित हुए परिवारों की पीड़ा और संघर्ष को करीब से समझा। जिला प्रशासन की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों और नागरिकों की सहभागिता ने आयोजन को सार्थक बनाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!