The Voice of Bareilly since 2010

मण्डलायुक्त ने कमिश्नरी प्रांगण में किया ध्वजारोहण, अमर शहीदों को दी श्रद्धांजलि

मण्डलायुक्त ने स्वतंत्रता दिवस पर कमिश्नरी प्रांगण

bareillylive@bareillynews:स्वतंत्रता दिवस पर बोले मण्डलायुक्त शम्भु कुमार—आजादी का मतलब केवल झण्डा फहराना नहीं, भाईचारा और सद्भाव बढ़ाना भी

बरेली, 15 अगस्त। स्वतंत्रता दिवस की 80वीं वर्षगांठ के अवसर पर मण्डलायुक्त शम्भु कुमार ने कमिश्नरी प्रांगण में ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। इसके उपरांत मण्डलायुक्त सहित उपस्थित अधिकारियों ने अमर शहीद स्मारक पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर देश की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर शहीदों को नमन किया। इस अवसर पर कमिश्नरी प्रांगण में पौधारोपण भी किया गया।

समारोह को संबोधित करते हुए मण्डलायुक्त शम्भु कुमार ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हर भारतीय के लिए गौरव और प्रेरणा का प्रतीक है। यह केवल आजादी का उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि उन वीर सपूतों के सपनों को साकार करने का संकल्प लेने का दिन है, जिन्होंने देश को स्वतंत्र कराने के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया।

उन्होंने कहा कि देश तभी निरंतर प्रगति की ओर अग्रसर होगा, जब प्रत्येक नागरिक अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा और ईमानदारी से करेगा। उन्होंने कहा कि आज भारत ने शिक्षा और रोजगार सहित विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं, हालांकि अभी भी कई क्षेत्रों में सुधार की आवश्यकता है।

2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य

मण्डलायुक्त ने कहा कि देश को वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य सामने है। इसके लिए सभी को अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी कर्तव्यनिष्ठा के साथ करना होगा। उन्होंने कहा कि मजबूत अर्थव्यवस्था और उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि आजादी का अर्थ केवल झण्डा फहराना नहीं है, बल्कि समाज में आपसी भाईचारा, दोस्ती, प्रेम और सद्भाव को बढ़ावा देना भी है। हमें इस बात पर विचार करना चाहिए कि भारत को आगे बढ़ाने में हम अपनी ओर से क्या योगदान दे सकते हैं।

भारत खाद्यान्न के क्षेत्र में भी मजबूत

मण्डलायुक्त ने कहा कि आज भारत के पास पर्याप्त खाद्यान्न भंडार है और देश दूसरे देशों को भी खाद्यान्न उपलब्ध कराने की स्थिति में है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धियां देश की निरंतर प्रगति को दर्शाती हैं।

उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल अतीत को याद करने का अवसर नहीं, बल्कि भविष्य की दिशा तय करने का भी दिन है। हमें शिक्षा, समानता और सामाजिक न्याय के सिद्धांतों को आगे बढ़ाते हुए ऐसा भारत बनाने का प्रयास करना चाहिए, जहां प्रत्येक नागरिक को विकास के समान अवसर मिल सकें।

इस अवसर पर अपर आयुक्त न्यायिक प्रीति जायसवाल तथा संयुक्त विकास आयुक्त प्रदीप कुमार ने भी अपने विचार व्यक्त किए। स्कूली छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीतों पर मनमोहक प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने खूब सराहा।

कार्यक्रम में अपर आयुक्त प्रशासन, अपर आयुक्त न्यायिक, संयुक्त विकास आयुक्त सहित कमिश्नरी के अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!