bareillylive@bareillynews:बरेली। विकास भवन सभागार में बुधवार को आयोजित किसान दिवस में गन्ना भुगतान और बिजली आपूर्ति समेत किसानों से जुड़ी कई समस्याएं उठीं। किसानों ने अधिकारियों के सामने अपनी शिकायतें रखीं। संबंधित विभागों के अधिकारियों को समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में किसानों को परंपरागत खेती के साथ फल, सब्जी, मत्स्य और मुर्गी पालन अपनाकर आय बढ़ाने के लिए प्रेरित किया गया। जैविक खेती, जैविक खाद के इस्तेमाल और जैविक उत्पादों की मार्केटिंग के बारे में भी जानकारी दी गई। इस दौरान पिछले किसान दिवसों में आई शिकायतों के निस्तारण की बिंदुवार समीक्षा की गई।
ग्राम खनगंवा श्याम निवासी किसान एमपी सिंह ने केसर शुगर मिल पर वर्ष 2024-25 के बकाया गन्ना मूल्य भुगतान का मुद्दा उठाया। उन्होंने भुगतान जल्द कराने की मांग की। भोजीपुरा क्षेत्र के हमीरपुर निवासी किसान ओमप्रकाश ने प्राकृतिक खेती की तकनीकों की जानकारी साझा की।
किसान सुरेश ने मोहल्ले में विद्युत पोल की समस्या के चलते बिजली आपूर्ति बाधित होने की शिकायत की। मामले में अधिशासी अभियंता, विद्युत वितरण खंड बहेड़ी को समस्या का शीघ्र निस्तारण कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए।
कृषि विज्ञान केंद्र, आईवीआरआई के विषय वस्तु विशेषज्ञ डॉ. रंजीत कुमार ने किसानों को कीट एवं रोग नियंत्रण, रासायनिक उर्वरकों के संतुलित इस्तेमाल और मिट्टी की जांच के बारे में तकनीकी जानकारी दी। उप कृषि निदेशक ने विभागीय अधिकारियों को किसानों से नियमित संवाद कर शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।






Leave a Reply