bareillylive@bareillynews:नादौसी स्थित गौशाला में ट्रॉली में मिले मृत गोवंश, पोस्टमार्टम के बाद ही मौत की वजह होगी साफ; दोषियों पर कार्रवाई के आश्वासन के बाद शांत हुए गौ रक्षक
बरेली। सीबीगंज थाना क्षेत्र के ग्राम नादौसी स्थित कान्हा उपवन गौशाला में शनिवार को 10 गोवंश मृत मिलने से हड़कंप मच गया। गोवंशों की मौत की सूचना मिलते ही राष्ट्रीय बजरंग दल, हिंदू जागरण मंच, राष्ट्रीय गौ रक्षा संघ और गौ रक्षा दल से जुड़े कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए।
मौके पर जांच के दौरान एक ट्रॉली में 10 गोवंश मृत अवस्था में पाए गए। घटना की जानकारी मिलते ही नगर निगम और प्रशासनिक अधिकारियों ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। मृत गोवंशों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। अधिकारियों के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही गोवंशों की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
अधिकारियों ने संभाली स्थिति
गोवंशों की मौत की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंचे गौ रक्षकों ने मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। स्थिति को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने गौ रक्षकों से बातचीत की।
सीओ सिटी द्वितीय नितिन कुमार और सीबीगंज थाना प्रभारी विनोद सिंह ने गौ रक्षकों की मांगों को उच्च अधिकारियों तक पहुंचाने और जांच में दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया। अधिकारियों के आश्वासन के बाद गौ रक्षक शांत हुए।
ये अधिकारी रहे मौजूद
मौके पर नगर आयुक्त, सिटी मजिस्ट्रेट, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी (CVO), नगर निगम के पशु चिकित्सा अधिकारी, सीओ सिटी द्वितीय नितिन कुमार, थाना अध्यक्ष सीबीगंज विनोद सिंह तथा थाना प्रभारी फतेहगंज पश्चिमी प्रवीण कुमार समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
गौ रक्षकों ने उठाई निष्पक्ष जांच की मांग
मौके पर राष्ट्रीय बजरंग दल बरेली के जिला अध्यक्ष रोहित गंगवार, अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष अमित गंगवार, जिला मीडिया प्रभारी विजय मौर्य, चन्देश, हिंदू जागरण मंच के जिला अध्यक्ष हिमांशु पटेल, निर्दोष राठौर, अरुण फौजी तथा राष्ट्रीय गौ रक्षा संघ से वीरेंद्र और सोनू ठाकुर समेत अन्य गौ रक्षक मौजूद रहे।
गौ रक्षकों ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराकर गोवंशों की मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जाए। साथ ही जांच में जो भी व्यक्ति जिम्मेदार पाया जाए, उसके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाए।
फिलहाल प्रशासन मामले की जांच कर रहा है और मृत गोवंशों की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है।






Leave a Reply