बरेलीलाइव@bareillylive बरेली। उर्स-ए-आला हजरत (उर्स-ए-रज़वी) के दौरान 6 से 8 अगस्त तक बरेली में लाखों जायरीनों के आगमन को देखते हुए यातायात पुलिस ने व्यापक ट्रैफिक डायवर्जन और पार्किंग व्यवस्था लागू की है।
यह व्यवस्था 6 अगस्त की शाम 8 बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक प्रभावी रहेगी।
यातायात पुलिस के अनुसार झुमका तिराहा, रोड नंबर-1 परसाखेड़ा, विलवा अंडरपास, विलयधाम अंडरपास, लालपुर कट, नवदिया झाड़ा, इन्वर्टिस तिराहा, ट्रांसपोर्ट नगर, बुखारा मोड़ और रामगंगा तिराहा से शहर में भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
विभिन्न दिशाओं से आने वाले भारी वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं। फतेहगंज पूर्वी रेलवे ब्रिज निर्माण के चलते वहां से सभी व्यावसायिक वाहनों का संचालन भी बंद रहेगा।
उर्स के दौरान सभी रोडवेज बसों का संचालन केवल सैटेलाइट बस स्टैंड से होगा। पुराना रोडवेज बस अड्डा बंद रहेगा। 7 और 8 अगस्त को भीड़ बढ़ने पर सुबह 8 बजे से शहर के कई प्रमुख मार्गों पर चारपहिया वाहन, ऑटो और ई-रिक्शा के प्रवेश पर भी रोक रहेगी। हालांकि वैकल्पिक मार्गों से आवागमन की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
यातायात पुलिस ने जायरीनों की बसों और अन्य वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल भी निर्धारित किए हैं। शाहजहांपुर, पीलीभीत और बदायूं रोड से आने वाली बसें रेलवे यार्ड सुभाषनगर सहित चिन्हित स्थलों पर पार्क कराई जाएंगी।
नैनीताल रोड से आने वाली बसों के लिए रेलवे स्टेशन के पीछे तथा दिल्ली-रामपुर की ओर से आने वाली बसों के लिए परसाखेड़ा क्षेत्र में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। पत्रकारों और विशिष्ट अतिथियों के वाहनों की पार्किंग जीआईसी परिसर में होगी।
यातायात पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि असुविधा से बचने के लिए प्रतिबंधित मार्गों के बजाय वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें तथा यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।






Leave a Reply