bareillylive@bareillynewws:एसआरएमएस से दवा लेकर डोहरा स्थित घर लौट रहे थे दोनों, तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से मारी टक्कर; हादसे के बाद मौके पर मची चीख-पुकार
बरेली। थाना इज्जतनगर क्षेत्र में पीलीभीत रोड स्थित अलादपुर चौकी क्षेत्र में गुरुवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार 21 वर्षीय युवक और उसकी 32 वर्षीय मौसी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
परिजनों के मुताबिक, इज्जतनगर थाना क्षेत्र के गांव खाईखेड़ा निवासी ग्राम प्रधान वीरपाल का 21 वर्षीय पुत्र देव पटेल अपनी मौसी नीलम पटेल (32) पत्नी सुरेंद्र निवासी गांव बारीनगला, थाना कैंट के साथ एसआरएमएस दवा लेने गया था। दोनों का बारादरी क्षेत्र के डोहरा रोड पर भी मकान है। दवा लेने के बाद देव और नीलम बाइक से डोहरा स्थित मकान की ओर लौट रहे थे।
बताया गया कि पीलीभीत रोड पर अलादपुर चौकी क्षेत्र में पीछे से तेज रफ्तार से आए ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद दोनों सड़क पर गिर गए और ट्रक उन्हें रौंदता हुआ निकल गया। हादसे में देव पटेल और नीलम पटेल की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को जिला अस्पताल भेजा। पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने हादसे में शामिल ट्रक को पकड़ लिया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
परिजनों में मचा कोहराम:
एक ही परिवार से जुड़े दो लोगों की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। हादसे के बाद परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस दुर्घटना के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।






Leave a Reply