The Voice of Bareilly since 2010

विद्युत सखियों को मिले थर्मल प्रिंटर, उत्कृष्ट कार्य करने वाली पांच सखियां सम्मानित

bareillylive:bareillynews:विद्युत सखियों को मिले थर्मल प्रिंटर, उत्कृष्ट कार्य करने वाली पांच सखियां सम्मानित

डीएम अविनाश सिंह ने कहा— स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाकर ‘लखपति दीदी’ और ‘करोड़पति दीदी’ बनाना सरकार का लक्ष्य बरेली।

जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में नवचयनित विद्युत सखियों को थर्मल प्रिंटर वितरित किए गए। इस अवसर पर विद्युत सखी योजना में उत्कृष्ट कार्य करने वाली पांच विद्युत सखियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया गया।

कार्यक्रम के दौरान 50 नवचयनित विद्युत सखियों को थर्मल प्रिंटर उपलब्ध कराए गए, जिससे वे उपभोक्ताओं को बेहतर और तेज़ सेवाएं प्रदान कर सकें। वहीं उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए रेनू देवी, सीमा, पिंकी यादव, संजू साहू एवं सुमन को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

सम्मानित विद्युत सखियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि योजना ने उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाया है और ग्रामीण क्षेत्रों में उनकी पहचान भी बढ़ी है।

जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने विद्युत सखियों से उनके कार्य, आय और मिलने वाले कमीशन की जानकारी ली। इस दौरान सखियों ने सर्वर संबंधी तकनीकी समस्याओं की ओर ध्यान आकर्षित किया

जिस पर जिलाधिकारी ने शीघ्र समाधान कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की मंशा स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाकर ‘लखपति दीदी’ और ‘करोड़पति दीदी’ बनाना है। उन्होंने विद्युत सखियों से पूरी निष्ठा और पारदर्शिता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

मुख्य विकास अधिकारी देवयानी ने कहा कि विद्युत सखियों का परिश्रम निश्चित रूप से उन्हें नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा।

उन्होंने महिलाओं से स्वरोजगार अपनाने, सरकारी योजनाओं और ऋण सुविधाओं का लाभ उठाने तथा आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में महिलाएं केवल रोजगार पाने वाली नहीं, बल्कि दूसरों को रोजगार उपलब्ध कराने वाली बनेंगी।

कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक नगर मानुष पारीक, अपर जिलाधिकारी नगर अविनाश त्रिपाठी, अधिशासी अभियंता विद्युत, उपायुक्त स्वतः रोजगार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में विद्युत सखियां उपस्थित रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!