bareillylive:bareillynews:इज्जतनगर मंडल में चला स्वच्छता से स्वागत अभियान, जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित
बरेली। रेलवे बोर्ड के निर्देश एवं मंडल रेल प्रबंधक सुश्री वीणा सिन्हा के मार्गदर्शन में पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल में “स्वच्छता से स्वागत” अभियान के तहत व्यापक स्वच्छता एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
अभियान के अंतर्गत इज्जतनगर, बरेली सिटी, काठगोदाम, हल्द्वानी, लालकुआं, रुद्रपुर सिटी, काशीपुर, रामनगर, टनकपुर, कासगंज, हाथरस, फर्रुखाबाद, कन्नौज और पीलीभीत सहित विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर विशेष गतिविधियां संचालित की गईं।
अभियान के दौरान रेलवे स्टेशनों, कार्यालयों, कॉलोनियों, अनुरक्षण डिपो, रनिंग रूम, रेलवे चिकित्सालयों और हेल्थ यूनिटों में विशेष सफाई अभियान चलाकर स्वच्छता सुनिश्चित की गई। यात्रियों और स्थानीय नागरिकों को सूखे एवं गीले कचरे के पृथक्करण, निर्धारित डस्टबिन के उपयोग तथा स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के प्रति जागरूक किया गया।
स्टेशनों पर नुक्कड़ नाटक, स्वच्छता रैली, पोस्टर, बैनर, डिजिटल संदेश और जनजागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया गया। इसके साथ ही ट्रेनों और स्टेशनों पर स्वच्छता संबंधी जिंगल एवं उद्घोषणाएं प्रसारित की गईं तथा सोशल मीडिया के माध्यम से भी अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया।
ईएनएचएम स्टाफ, ऑनबोर्ड हाउसकीपिंग एवं लिनेन वितरण कर्मियों ने यात्रियों को स्वच्छता अपनाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही यात्रियों को स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण लिनेन उपलब्ध कराने तथा उनकी प्रतिक्रिया के आधार पर सेवाओं में लगातार सुधार करने पर भी विशेष ध्यान दिया गया।
रेल प्रशासन ने बताया कि स्थानीय निकायों एवं अधिकृत एजेंसियों के सहयोग से ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को भी मजबूत किया जा रहा है। इज्जतनगर मंडल ने स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक रेल यात्रा उपलब्ध कराने के अपने संकल्प को दोहराया है।






Leave a Reply