The Voice of Bareilly since 2010

बचत खातों पर 13 मार्च से खत्म होगी कैश निकासी की सीमा:RBI

नई दिल्ली। रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया ने बुधवार को नोटबंदी के बाद बचत बैंक खातों से नकद निकासी को लेकर तय की गई सीमा में एक बार फिर से ढील दी है। रिजर्व बैंक बचत खाता धारकों को यह राहत दो चरणों में देगी। आरबीआई के मुताबिक, सेविंग बैंक अकाउंट से नकद निकासी की साप्ताहिक सीमा 20 फरवरी से बढ़ाकर 50 हजार रुपए कर दी जाएगी।

20 फरवरी से आप एक सप्ताह में एक बैंक खाते से कुल 50 हजार रुपए कैश निकाल सकेंगे। इसके अलावा यह सीमा भी केवल 13 मार्च तक लागू रहेगी। इसके बाद बचत खाते से पैसे निकालने को लेकर कोई सीमा नहीं होगी। मौजूदा समय में बचत खातों से नकद निकासी की सीमा 24 हजार रुपए है। यानी आप एक बार या एक हफ्ते में 24 हजार की राशि बैंक से निकाल सकते हैं। आरबीआई ने कहा कि 27 जनवरी को कुल मिलाकर 9.92 लाख करोड़ रुपए के नये नोट चलन में आ चुके थे।

बता दे कि केंद्रीय बैंक ने हाल ही में एटीएम से निकासी सीमा को बढ़ाकर 10,000 रुपए प्रतिदिन कर दिया था लेकिन बचत बैंक खातों के लिए 24,000 रुपए की साप्ताहिक निकासी सीमा को बनाए रखा था। 8 नवंबर को पीएम नरेंद्र मोदी द्वारा नोटबंदी की घोषणा किए जाने के बाद बैंक खातों से पैसे की निकासी की लिमिट सीमित कर दी गई थी। नोटबंदी के बाद एटीएम से 2000 रुपए रोजाना निकालने की अनुमति थी, जिसे बाद में बढ़ाकर 2500 रुपए किया गया था। 1 जनवरी 2017 से लागू नियम के मुताबिक एटीएम से निकासी की सीमा बढ़ाकर 4500 रोजाना कर दी गई थी।

error: Content is protected !!