The Voice of Bareilly since 2010

लॉन्ग वीकेंड पर पहाड़ों में पर्यटकों का सैलाब, शिमला-मनाली से नैनीताल तक भारी भीड़,ट्रैफिक जाम

मनाली/देहरादून: 2 अक्टूबर के लंबे वीकेंड के चलते हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। मनाली, शिमला, नैनीताल, भीमताल और कैंची धाम समेत कई पर्यटन स्थलों पर बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं।

हिमाचल प्रदेश के मनाली में बर्फबारी के बाद पर्यटकों की संख्या में और इजाफा देखने को मिला है। बड़ी संख्या में वाहनों के पहुंचने से शहर और आसपास के प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक का दबाव बढ़ गया है। कई स्थानों पर वाहनों की लंबी कतारें और जाम की स्थिति देखने को मिल रही है।

वहीं, उत्तराखंड के नैनीताल स्थित कैंची धाम में बाबा नीम करौली के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी हैं। कुमाऊं के अन्य प्रमुख पर्यटन स्थलों पर भी पर्यटकों की आवाजाही बढ़ी हुई है।

पर्यटकों की बढ़ती संख्या से होटल, टैक्सी, रेस्टोरेंट और अन्य स्थानीय कारोबारों में भी गतिविधियां तेज हुई हैं। हालांकि, भारी वाहनों की आवाजाही के चलते कई पर्यटन मार्गों पर ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित हुई है। प्रशासन और पुलिस की ओर से भीड़ तथा यातायात को व्यवस्थित करने के लिए व्यवस्था बनाए रखने के प्रयास किए जा रहे हैं।

लॉन्ग वीकेंड के दौरान पहाड़ी इलाकों में बढ़ी पर्यटकों की आवाजाही ने जहां पर्यटन कारोबार को गति दी है, वहीं बढ़ते ट्रैफिक ने स्थानीय लोगों और सैलानियों के लिए आवाजाही की चुनौती भी बढ़ा दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!