अक्षय कुमार के सुझाव पर CRPF के शहीदों के परिवारों की आर्थिक मदद को वेब पोर्टल लॉन्च

bharat ke veer launched

फोटो साभार : ANI

नयी दिल्ली। अर्धसैनिक बल केन्द्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीआरपीएफ) के शहीदों के परिवारों की आर्थिक मदद के लिए सरकार ने रविवार को वेब पोर्टल लॉन्च किया। शहीदों के परिवारों की आर्थिक मदद के लिए वेब पोर्टल शुरू करने का सुझाव अभिनेता अक्षय कुमार ने दिया था जिस पर अमल करते हुए यह पोर्टल लॉन्च किया गया है। केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह और अक्षय कुमार ने ‘भारत के वीर‘ पोर्टल को लॉन्च किया। इसे अर्धसैनिक बल के शहीदों के सम्मान में एक नई पहल के रूप में देखा जा रहा है।

अब कोई भी व्यक्ति इस पोर्टल के जरिए शहीदों के परिवारों की आर्थिक मदद कर सकता है।सीआरपीएफ द्वारा आयोजित कार्यक्रम में सिंह ने कहा, ‘हमारे सैनिकों के जज्बे को कोई तोड़ नहीं सकता। उनकी सरकार शहीदों के परिवारों की मदद करती रहेगी।’ इस मौके पर अक्षय कुमार ने कहा कि अर्धसैनिक बल के जवानों की शहादत के बाद उनके परिवार को आर्थिक मदद पहुंचाने के लिए ऑनलाइन दान दिया जा सकेगा।

गृह मंत्रालय ने अक्षय कुमार के सुझाव पर यह वेबसाइट और एप तैयार किया है।उन्होंने सरकार को परामर्श दिया था कि सीमा या आंतरिक सुरक्षा में तैनाती के दौरान शहीद हुए सशस्त्र बल के जवानों का ऑनलाइन ब्यौरा सार्वजनिक होना चाहिये जिसकी मदद से कोई भी व्यक्ति शहीद जवान के परिवार को मदद मुहैया करा सके।

वेबपोर्टल और मोबाइल एप पर शहीद जवानों की सूची और उनके परिजनों से संपर्क कायम करने के लिये पूरी जानकारी मौजूद रहेगी।इसमें शहीद के किसी एक परिजन का बैंक खाता नंबर भी शामिल होगा जिससे कोई भी दानदाता बैंक खाते में सीधे राशि जमा करा सके। वेबसाइट पर शहीद हुये सैनिक की शहादत से जुड़े अभियान की जानकारी भी दर्ज होगी। किसी भी परिजन के बैंक खाते में सहायता राशि जमा कराने की अधिकतम सीमा 15 लाख रुपये तय की गयी है। यह सीमा पूरी होते ही संबद्ध शहीद के परिजनों की जानकारी वेबसाइट से स्वत: हट जायेगी।

error: Content is protected !!