दयानन्द मोंटेसरी बालिका जूनियर स्कूल में बच्चों ने दिखाई विज्ञान एवं कला की प्रतिभा

बरेलीलाइव@दयानन्द मोंटेसरी बालिका जूनियर स्कूल में बच्चों ने दिखाई विज्ञान एवं कला की प्रतिभा

@bareillylive : मॉडल टाउन स्थित दयानन्द मोंटेसरी बालिका जूनियर स्कूल में 13 नवंबर 2026 को एक दिवसीय विज्ञान एवं कला प्रदर्शनी का भव्य आयोजन किया गया। प्रदर्शनी में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने विज्ञान और कला से जुड़े विभिन्न आकर्षक मॉडल तैयार कर प्रस्तुत किए तथा अपनी प्रतिभा का उत्साहपूर्वक प्रदर्शन किया। बच्चों की रचनात्मकता, वैज्ञानिक सोच और कलात्मक कौशल ने उपस्थित अतिथियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों का ध्यान आकर्षित किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं मॉडल टाउन सोसाइटी के अध्यक्ष रवि छाबड़ा, श्रीमती नीरू बागा तथा राजीव बग्गा द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। उद्घाटन के उपरांत अतिथियों ने विद्यार्थियों द्वारा बनाए गए विज्ञान के मॉडल और कला की रचनाओं का अवलोकन किया। बच्चों ने अपने-अपने मॉडलों की विस्तृत जानकारी देते हुए विज्ञान के सिद्धांतों को रोचक ढंग से समझाया।

विज्ञान मॉडल प्रतियोगिता में आराधना ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए प्रथम पुरस्कार प्राप्त किया। दिलकश को द्वितीय स्थान एवं साफमान मिर्जा को तृतीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। प्रदर्शनी में भाग लेने वाले अन्य प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार के रूप में मेडल एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

इस आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय के अध्यक्ष के.एल. बजाज, प्रबंधक डॉ. के.एम. अरोरा, कोषाध्यक्ष रमेश बग्गा, प्रधानाचार्य रेनू शर्मा, उप-प्रधानाचार्य राखी सक्सेना, गोविंद तनेजा, सुनील बंगा सहित समस्त शिक्षकगणों का विशेष सहयोग रहा।

समापन अवसर पर मुख्य अतिथि रवि छाबड़ा ने विद्यार्थियों की प्रतिभा एवं रचनात्मकता की सराहना की। उन्होंने सभी बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास, सृजनात्मकता और वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने में सहायक होते हैं।

प्रदर्शनी में बच्चों के उत्साह, अनुशासन और जोश ने कार्यक्रम को सार्थक एवं स्मरणीय बना दिया। विद्यालय प्रबंधन ने सभी प्रतिभागियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!