श्रीलंका दौरे के लिए Team India का फोकस तीसरे स्पिनर पर

spin ballनयी दिल्ली, 22 जुलाई । श्रीलंका के खिलाफ 12 अगस्त से शुरू होने वाली तीन टेस्ट मैचों की श्रृंखला के लिये भारतीय टीम का चयन कल संदीप पाटिल की अगुवाई वाली राष्ट्रीय चयन समिति करेगी जिसमें फोकस तीसरे स्पिनर पर होगा ।

इस पहलू को छोड़कर चयनकर्ताओं के सामने टीम चुनने में कोई दुविधा नहीं होगी और कम से कम 13 खिलाड़ियों की जगह तो पहले से पक्की है । यह भी देखना होगा कि टीम 15 सदस्यीय होगी या 16 सदस्यीय । मुरली विजय, शिखर धवन, कप्तान विराट कोहली, अजिंक्य रहाणे, रोहित शर्मा और ए टीम के कप्तान चेतेश्वर पुजारा का चयन तय है । युवा के एल राहुल सातवें बल्लेबाज हो सकते हैं जो बीमारी के कारण बांग्लादेश दौरे पर नहीं जा सके थे ।

रिधिमान साहा विकेटकीपिंग के लिये पहली पसंद होंगे जबकि दूसरे विकेटकीपर के तौर पर 16वें खिलाड़ी को शामिल किया जा सकता है जो नमन ओझा या संजू सैमसन हो सकते हैं । टीम में तीन तेज गेंदबाज उमेश यादव, ईशांत शर्मा और भुवनेश्वर कुमार होंगे । तेज गेंदबाज वरूण आरोन फिट होते हैं तो उनका चयन भी तय है ।

दो आफ स्पिनर आर अश्विन और हरभजन सिंह अपनी जगह बरकरार रख सकते हैं और देखना यह होगा कि तीसरे स्पिनर के तौर पर अक्षर पटेल को चुना जाता है या अनुभवी लेग स्पिनर अमित मिश्रा को ।

एजेन्सी
error: Content is protected !!