The Voice of Bareilly since 2010

“शाहीन बाग धरने पर बैठे लोग बांग्लादेशी और पाकिस्तानी”

नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव की गर्मी बढ़ने के बीच अनुराग ठाकुर के बाद भाजपा के एक और बड़े नेता ने विवादित बयान दिया है। भाजपा के राष्ट्रीय सचिव राहुल सिन्हा ने मंगलवार को शाहीन बाग में धरना-प्रदर्शन कर रहे लोगों पर हमला बोलते हुए कहा कि जो लोग दक्षिण पूर्व दिल्ली के शाहीन बाग में प्रदर्शन कर रहे हैं वे बांग्लादेशी और पाकिस्तानी हैं। 

सिन्हा ने कहा कि दिल्ली के शाहीन बाग में जो प्रदर्शन चल रहा है वह बांग्लादेशियों और पाकिस्तानियों द्वारा किया जा रहा है। वे भारतीय झंडे को हाथों में पकड़कर राष्ट्रवाद की आड़ में इस तथ्य को छिपा रहे हैं कि वे ही घुसपैठिए हैं। उन्होंने कहा कि कई राजनीतिक दलों ने अपने प्रतिनिधियों को शाहीन बाग भेजा।

भाजपा के राष्ट्रीय सचिव ने कहा कि हमने क्या देखा हैं वहां? यही ना कि भारत के राष्ट्रीय ध्वज के साथ विरोध करने वाले वहां बैठे हैं और विपक्षी राष्ट्रीय दलों के नेता उनके साथ धरना-प्रदर्शन में शामिल हो रहे हैं? वहां कहा जा रहा है कि असम को भारत से अलग करें, कश्मीर को भारत से अलग करें। उन्होंने कहा कि भारत को एकजुट करने के बजाय शाहीन बाग में भारत को विभाजित करने का प्रयास किया जा रहा है। यह प्रत्येक भारतीय और भारत माता के खिलाफ है। 

गौरतलब है कि नागरिकता कानून के विरोध में शाहीन बाग में चल रहे धरना-प्रदर्शन के चलते दिल्ली से नोएडा जाने वाले लोगों को परेशान होना पड़ रहा है। इस धरने की वजह से परेशान संगम विहार और जसोला के लोग शाहीन मार्ग तक मार्च निकालने की चेतावनी दे चुके हैं।

 

error: Content is protected !!