आईएमए बरेली में रामायण की जीवंत झलक के साथ मना दीपावली उत्सव, चिकित्सकों ने निभाए रामायण के पात्र

bareillylive@आईएमए बरेली में रामायण की जीवंत झलक के साथ मना दीपावली उत्सव

अयोध्या थीम पर सजे आईएमए फार्म्स में गूंजे जय श्रीराम के जयकारे, डॉक्टरों ने राम, सीता, लक्ष्मण और कौशल्या के स्वरूप में दी प्रस्तुति

बरेली@bareillylive:बरेली। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) बरेली की ओर से डोहरा रोड स्थित आईएमए फार्म्स में दीपावली उत्सव धूमधाम और उल्लास के साथ मनाया गया। अयोध्या थीम पर आयोजित समारोह में रामायण की मनोहारी प्रस्तुति ने धार्मिक और सांस्कृतिक वातावरण बना दिया। चिकित्सकों ने रामायण के विभिन्न पात्रों का स्वरूप धारण कर भारतीय संस्कृति और परंपराओं की जीवंत झलक प्रस्तुत की। समारोह में बड़ी संख्या में चिकित्सक अपने परिवारों के साथ शामिल हुए।

कार्यक्रम का शुभारंभ ‘जय श्रीराम’ के उद्घोष के साथ हुआ। रामायण की प्रस्तुति में आईएमए के मानद सचिव डॉ. मोहित अग्रवाल ने भगवान श्रीराम, डॉ. कनुप्रिया अग्रवाल ने माता सीता, डॉ. राजवीर सिंह ने लक्ष्मण और डॉ. गीता गंगवार ने माता कौशल्या की भूमिका निभाई। पारंपरिक वेशभूषा और आकर्षक मंच सज्जा ने अयोध्या की थीम को साकार कर दिया।

रामायण के पात्रों के मंच पर आते ही समारोह में भक्ति और श्रद्धा का माहौल छा गया। उपस्थित चिकित्सकों और उनके परिजनों ने मोबाइल कैमरों में इन यादगार पलों को कैद किया। कई चिकित्सकों ने पात्रों की आरती उतारी, वहीं डॉ. राजेश अग्रवाल ने मंच पर दंडवत प्रणाम कर अपनी श्रद्धा व्यक्त की।

सांस्कृतिक कार्यक्रम में डॉ. इतिशा सक्सेना, डॉ. अंकिता, डॉ. निवेदिता, डॉ. सुप्रिया, डॉ. गायत्री सिंह, डॉ. सारिका, डॉ. सुधा यादव, डॉ. संध्या गंगवार, डॉ. रश्मि दीप, डॉ. अदिति और डॉ. पूजा गुप्ता ने भी अपनी प्रस्तुतियों से समां बांधा। संगीत और नृत्य की प्रस्तुतियों का दर्शकों ने भरपूर आनंद लिया। सांस्कृतिक समिति की अध्यक्ष डॉ. अनुजा सिंह ने आयोजन की तैयारियों और कार्यक्रमों के समन्वय में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

इसके बाद चिकित्सकों और उनके परिवारों ने सामूहिक रूप से कंदीलें प्रज्वलित कर दीपोत्सव मनाया। फुलझड़ियों और आतिशबाजी के बीच सभी ने एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। समारोह में हस्तशिल्प स्टॉल, लजीज व्यंजन, मनोरंजक खेल और लकी ड्रॉ भी आकर्षण का केंद्र रहे। लकी ड्रॉ के विजेताओं को हरसहायमल ज्वैलर्स की ओर से प्रायोजित चांदी के सिक्के पुरस्कार स्वरूप प्रदान किए गए।

आईएमए अध्यक्ष डॉ. डी.पी. गंगवार ने कहा कि चिकित्सकों का अधिकांश समय मरीजों की देखभाल और पेशेवर जिम्मेदारियों में व्यतीत होता है। ऐसे आयोजन उन्हें परिवार और साथी चिकित्सकों के साथ आनंद के पल बिताने तथा अपनी कलात्मक प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान करते हैं। रामायण की प्रस्तुति ने समारोह को भारतीय संस्कृति, पारिवारिक मूल्यों और मर्यादा से जोड़ने का काम किया।

मानद सचिव डॉ. मोहित अग्रवाल ने सभी प्रतिभागियों और दर्शकों के उत्साह की सराहना की। कोषाध्यक्ष डॉ. राजवीर एस. गंगवार ने चिकित्सक सदस्यों, उनके परिवारों और आयोजन में सहयोग देने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।

समारोह में डॉ. आई.एस. तोमर, डॉ. राघवेंद्र शर्मा, डॉ. डी.सी. वर्मा, डॉ. सलोना कुशवाहा, डॉ. केशव अग्रवाल, डॉ. प्रमेन्द्र माहेश्वरी, डॉ. विनोद पगरानी और डॉ. राजीव गोयल सहित अनेक वरिष्ठ चिकित्सक, आईएमए सदस्य एवं उनके परिजन उपस्थित रहे।

साभार : निर्भय सक्सेना

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!