The Voice of Bareilly since 2010

कान्ती कपूर में प्रतिभा सम्मान समारोह, मेधावी छात्राओं को किया सम्मानित

कान्ती कपूर में प्रतिभा सम्मान समारोह, मेधावी छात्राओं

bareillylive@bareillynews: बरेली। इज्जतनगर स्थित कान्ती कपूर सरस्वती बालिका विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में रविवार को प्रतिभा सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में वर्ष 2026 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं सहित विभिन्न क्षेत्रों में प्रतिभा दिखाने वाली छात्राओं को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि 21 यूपी बटालियन के कमांडेंट ऑफिसर कर्नल होशियार सिंह रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में भारत श्री शिक्षा परिषद, उत्तर प्रदेश की प्रदेश निरीक्षक श्रीमती प्रेमा पानू मौजूद रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता सह-मंत्री पश्चिमी उत्तर प्रदेश डॉ. विद्योतमा सिंह ने की।

इंटरमीडिएट परीक्षा में सलोनी कश्यप ने 86.20 प्रतिशत अंक हासिल कर विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि हाईस्कूल में अवनी ने 93 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। विद्यालय स्तर पर द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली सिद्धि सक्सेना, कोमल कश्यप, मिताली शर्मा और वृन्दा बाजपेयी को भी पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

समारोह में हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की टॉप-10 छात्राओं के साथ विषयवार सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाली छात्राओं को भी सम्मानित किया गया। विद्यालय की ओर से मेधावी छात्राओं को नकद पुरस्कार प्रदान किए गए। इसके अलावा विभिन्न स्मृति पुरस्कारों के माध्यम से छात्राओं का उत्साहवर्धन किया गया।

पुष्पलता स्मृति पुरस्कार के तहत हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट में प्रथम स्थान प्राप्त छात्राओं को क्रमशः 5 हजार और 7 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया। श्रीमती भद्रशीला शर्मा स्मृति पुरस्कार, क्षमा टंडन स्मृति पुरस्कार, श्रीमती राजकुमारी माहेश्वरी स्मृति पुरस्कार, श्रीमती माधुरी देवी अस्थाना स्मृति पुरस्कार, श्रीमती प्रेमलता जी स्मृति पुरस्कार सहित अन्य पुरस्कार भी प्रतिभाशाली छात्राओं को प्रदान किए गए।

जूनियर वर्ग में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाली छात्रा वंशिका गंगवार, सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी सृष्टि सिंह को भी सम्मानित किया गया। गणित विषय में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने पर इंटर की छात्रा सलोनी कश्यप को श्री सुभाष मौर्या की ओर से 1100 रुपये का पुरस्कार दिया गया। वहीं स्टूडेंट ऑफ द ईयर अवार्ड छात्रा किरन गंगवार को शिव कांदो चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से बाल कृष्ण टंडन की स्मृति में प्रदान किया गया।

समारोह के दौरान छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित अतिथियों का मन मोह लिया। मुख्य अतिथि कर्नल होशियार सिंह ने छात्राओं को संबोधित करते हुए जीवन में अनुशासन के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने छात्राओं को लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने और देश व समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंध समिति की अध्यक्षा श्रीमती दीप्ति रानी, व्यवस्थापिका श्रीमती मोना शर्मा, उपाध्यक्षा प्रो. नीलम गुप्ता, डॉ. रश्मि शर्मा, भारती अग्रवाल, राजेश्वरी, डॉ. मीनाक्षी चन्द्रा, शिखा अग्रवाल, डॉ. अजीता सिंह तिवारी, विक्रम अग्रवाल, अंजु अग्रवाल, सुबोध अग्रवाल सहित विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती अर्चना एवं अन्य विद्यालयों के प्रधानाचार्य उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन प्रिया सक्सेना ने किया। अंत में विद्यालय की अध्यक्षा ने सभी अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षिकाओं एवं छात्राओं का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!