The Voice of Bareilly since 2010

कैप्टन स्मित माछर से मिलने अस्पताल पहुंचे शेख हमदान, माथा चूमकर बढ़ाया हौसला

अबू धाबी: फ्लाईदुबई के भारतीय पायलट कैप्टन स्मित माछर (Smit Machchhar) से मिलने दुबई के क्राउन प्रिंस, UAE के उप प्रधानमंत्री और रक्षा मंत्री शेख हमदान बिन मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम अबू धाबी के अस्पताल पहुंचे। उन्होंने कैप्टन स्मित से मुलाकात कर उनकी सेहत का जायजा लिया और मुश्किल हालात में दिखाई गई उनकी हिम्मत और जिम्मेदारी की सराहना की। 

शेख हमदान ने मुलाकात के दौरान कैप्टन स्मित के साहस को सम्मान दिया और उनके माथे को चूमकर उनका हौसला बढ़ाया। उन्होंने कहा कि स्मित ने साहस, जिम्मेदारी और इंसानी जिंदगी की परवाह की उच्चतम मिसाल पेश की है। शेख हमदान के मुताबिक, UAE को गर्व है कि कैप्टन स्मित उसकी टीम और उसकी कहानी का हिस्सा हैं।

हमले के बावजूद संभाला था कॉकपिट

30 सितंबर को दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान FZ1073 में कॉकपिट के अंदर कैप्टन स्मित पर उनके सह-पायलट ने कथित तौर पर हमला किया था। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद स्मित ने कॉकपिट का दरवाजा खोलने में सफलता हासिल की, जिसके बाद यात्रियों और चालक दल के सदस्यों ने हमलावर को काबू करने में मदद की। विमान को बाद में सऊदी अरब के तबुक में आपातकालीन रूप से उतारा गया। 

कैप्टन स्मित ने अस्पताल से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ वीडियो बातचीत में उस घटना का अनुभव साझा किया। उन्होंने बताया कि घायल होने के बावजूद उन्हें महसूस हुआ कि अगर वह नहीं उठे तो यात्रियों की जान खतरे में पड़ सकती है। 

अबू धाबी में चल रहा इलाज

घटना के बाद कैप्टन स्मित को पहले सऊदी अरब के तबुक में अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बाद में उन्हें आगे के इलाज के लिए अबू धाबी लाया गया। हालिया रिपोर्टों के अनुसार उनकी हालत स्थिर है और उन्हें चिकित्सा देखभाल मिल रही है। भारतीय राजदूत दीपक मित्तल ने भी अस्पताल में स्मित और उनके परिवार से मुलाकात की थी। 

शेख हमदान की अस्पताल में कैप्टन स्मित से मुलाकात के बाद एक बार फिर उनकी बहादुरी और यात्रियों की सुरक्षा के लिए उठाए गए कदमों की चर्चा तेज हो गई है। UAE नेतृत्व की ओर से मिला यह सम्मान उनके प्रति समर्थन और सम्मान का महत्वपूर्ण संदेश माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!