The Voice of Bareilly since 2010

त्योहारों पर बिना अनुमति आयोजन नहीं, अशोभनीय गीत-संगीत पर होगी सख्ती

bareillylive@त्योहारों पर बिना अनुमति आयोजन नहीं अशोभनीय गीत-संगीत पर होगी सख्ती

दुर्गा पूजा, दशहरा और दीपावली को लेकर डीएम ने सेंट्रल पीस कमेटी के साथ की बैठक; रावण दहन स्थलों पर बैरिकेडिंग और संवेदनशील स्थानों पर CCTV लगाने के निर्देश

बरेली@bareillylive:बरेली, 06 अक्टूबर। आगामी दुर्गा पूजा, दशहरा और दीपावली समेत अन्य पर्वों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को सेंट्रल पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। पंडित राधेश्याम कथावाचक स्मृति सभागार में हुई बैठक में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को पर्वों से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।

बैठक में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से पहुंचे गणमान्य नागरिकों से उनके क्षेत्रों की समस्याओं और त्योहारों के दौरान संभावित व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली गई। नागरिकों ने खराब सड़कों और मार्गों, सफाई व्यवस्था तथा खराब रोड लाइट समेत अन्य समस्याएं सामने रखीं। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को नवरात्रि और आगामी पर्वों से पहले इन समस्याओं का समाधान कराने के निर्देश दिए।

बिना अनुमति नहीं होगा कोई आयोजन

जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिए कि बिना अनुमति के कोई भी आयोजन नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि डीजे पर अशोभनीय गाने न बजाए जाएं और रामलीला आयोजनों में भी अशोभनीय नृत्य अथवा अन्य आपत्तिजनक कार्यक्रम नहीं होने चाहिए।

उन्होंने रावण के पुतलों की ऊंचाई भी सुरक्षा मानकों के अनुरूप रखने के निर्देश दिए, ताकि रावण दहन के दौरान किसी प्रकार की दुर्घटना की स्थिति उत्पन्न न हो।

रावण दहन स्थल पर बैरिकेडिंग, संवेदनशील स्थानों पर CCTV

डीएम ने मंदिरों और मंदिरों तक जाने वाले मार्गों की साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मेले और झूलों के लिए निर्धारित प्रक्रिया के तहत अनुमति लेना अनिवार्य होगा। रावण दहन स्थलों पर बैरिकेडिंग कराने के साथ ही संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने दुर्गा पूजा पंडालों का अग्निशमन सुरक्षा मानकों के अनुसार निरीक्षण कराने तथा आवश्यकतानुसार फायर टेंडर की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

10 अक्टूबर से विद्युत विभाग का कंट्रोल रूम

जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को नवरात्रि से पहले सड़कों के गड्ढे भरने और मार्गों को दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। विद्युत विभाग को विद्युत तारों सहित अन्य व्यवस्थाओं को समय से ठीक कराने को कहा गया। साथ ही 10 अक्टूबर से विद्युत विभाग का कंट्रोल रूम शुरू करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि नवरात्रि, दुर्गा पूजा, रामलीला और दशहरा शांतिपूर्ण तरीके से मनाया जाए। कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखना केवल प्रशासन की ही नहीं, बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है।

निर्धारित ध्वनि सीमा का उल्लंघन करने पर कार्रवाई

डीएम ने कहा कि डीजे निर्धारित ध्वनि सीमा के भीतर ही बजाए जाएं। निर्धारित मानक से अधिक आवाज में डीजे बजाने पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस और प्रशासन अराजक तत्वों से सख्ती से निपटेगा और पर्वों के दौरान शांति व्यवस्था भंग करने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन पूर्णिमा सिंह, अपर जिलाधिकारी नगर अविनाश त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक नगर मानुष पारिक, पुलिस अधीक्षक दक्षिणी अंशिका वर्मा, संयुक्त मजिस्ट्रेट/उप जिलाधिकारी बहेड़ी ईशिता किशोर, अपर नगर आयुक्त, उप जिलाधिकारी बहेड़ी, मीरगंज, आंवला व फरीदपुर, समस्त पुलिस क्षेत्राधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!