बरेली@bareillylive:बरेली। सेवा संकल्प अभियान की थीम-9 ‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ के अंतर्गत मंगलवार को बरेली कैंट विधानसभा के पंडित दीन दयाल मंडल स्थित गोपाल राम पब्लिक स्कूल, गंगापुर में निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। कैंट विधानसभा विधायक एवं भाजपा के सह कोषाध्यक्ष संजीव अग्रवाल ने फीता काटकर शिविर का शुभारंभ किया। उन्होंने शिविर में पहुंचे लोगों का हाल जाना और स्वास्थ्य विभाग की टीम से जांच एवं उपचार की व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
विधायक संजीव अग्रवाल ने कहा कि अंत्योदय के संकल्प को साकार करते हुए समाज के अंतिम पायदान पर खड़े और वंचित लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। जन-जन का उत्तम स्वास्थ्य सुनिश्चित करने के लिए लगातार जनकल्याणकारी योजनाओं और स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने उपस्थित लोगों को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी।
बुखार, टाइफाइड, मलेरिया समेत हुई विभिन्न जांच
शिविर में यूपीएचसी जाटवपुरा की हेल्थ ऑफिसर डॉ. ज्योति सिंह के नेतृत्व में स्वास्थ्य टीम ने लोगों की निशुल्क जांच की और चिकित्सकीय परामर्श दिया। डॉ. आयुषमान तिवारी ने बताया कि शिविर में बुखार, टाइफाइड, मलेरिया, ब्लड प्रेशर और शुगर समेत विभिन्न स्वास्थ्य जांच की गईं।

शिविर के दौरान मौके पर ही 18 लोगों के आभा कार्ड बनाए गए। जांच के बाद चयनित रोगियों को कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने निशुल्क दवाइयां भी वितरित कीं।
कार्यक्रम संयोजक रामचंद्र मौर्या ने सभी अतिथियों, स्वास्थ्य विभाग की टीम और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। इस दौरान मंडल अध्यक्ष कन्हैया राजपूत, अरुण कश्यप, पार्षद अरविंद वर्मा, दीपक राठौर, निरंजन, अजय मौर्या, अनुराग जायसवाल, अंकुर मित्तल, बिरजू राजपूत, फार्मासिस्ट अनुराग चौहान और नर्स शालिनी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।






Leave a Reply