The Voice of Bareilly since 2010

कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने मरीजों को बांटीं निशुल्क दवाइयां, 300 लोगों की हुई स्वास्थ्य जांच

bareillylive@कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने मरीजों को बांटीं निशुल्क दवाइयां

बरेली@bareillylive:बरेली। सेवा संकल्प अभियान के तहत शुक्रवार को बरेली कैंट विधानसभा क्षेत्र के पूर्वी मंडल स्थित कटरा चांद खां में निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ कैंट विधायक एवं भाजपा के सह कोषाध्यक्ष संजीव अग्रवाल ने फीता काटकर किया। शिविर में करीब 300 लोगों के स्वास्थ्य की जांच की गई और चयनित मरीजों को निशुल्क दवाइयां वितरित की गईं।

स्वस्थ नागरिकों से ही साकार होगा आत्मनिर्भर भारत का सपना: संजीव अग्रवाल

सेवा संकल्प अभियान की थीम ‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ के अंतर्गत आयोजित शिविर में विधायक संजीव अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस और उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष जनसेवा को समर्पित होने के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।

उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर से ही आत्मनिर्भर भारत का सपना साकार हो सकता है। जरूरतमंदों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना और उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना जनसेवा का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

बीपी, शुगर समेत कई बीमारियों की हुई जांच

स्वास्थ्य शिविर में यूपीएचसी के स्वास्थ्य अधिकारियों और कर्मचारियों ने लोगों के ब्लड प्रेशर, शुगर, बलगम, बुखार, टायफाइड और रक्त संबंधी जांचें कीं। शिविर में पात्र लोगों के मौके पर ही आभा कार्ड भी बनाए गए, जिससे उन्हें डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने में मदद मिल सके।

शिविर के समापन पर विधायक संजीव अग्रवाल ने चयनित मरीजों को निशुल्क दवाइयां वितरित कीं। कार्यक्रम संयोजक डॉ. रामचंद्र मौर्य ने शिविर के आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर छंगामल मौर्य, अजय रत्नाकर, राज बहादुर सक्सेना, राम बहादुर मौर्य, राममूर्ति मौर्य, राजेश पटेल, अरुण कश्यप, अमरीश कठेरिया, सोनू कश्यप, रविंद्र गुप्ता, मनीष गुप्ता और सुशील गुप्ता सहित भाजपा के कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!