जलभराव से निजात, वेल्डरों को ड्रेस अलाउंस और कर्मचारियों के शौचालयों की नियमित सफाई कराने की उठाई मांग
बरेली@bareillylive:बरेली। पूर्वोत्तर रेलवे कर्मचारी संघ (पीआरकेएस), कारखाना मंडल इज्जतनगर ने रेलवे वर्कशॉप में कर्मचारियों को हो रही समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर मुख्य कार्यशाला अभियंता (सीडब्ल्यूई), पूर्वोत्तर रेलवे, गोरखपुर को ज्ञापन सौंपा। संघ ने कारखाना परिसर में शेड से पानी टपकने, सुरक्षा उपकरणों की कमी और जलभराव समेत विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए इनके शीघ्र निस्तारण की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया कि बारिश के दौरान यांत्रिक कारखाने के शेड से पानी टपकने के कारण कर्मचारियों को काम करने में परेशानी होती है। संघ ने शेडों की मरम्मत और नियमित रखरखाव कराने की मांग की, ताकि कार्यस्थल पर सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण सुनिश्चित किया जा सके।
इसके अलावा वेल्डर कर्मचारियों को ड्रेस अलाउंस का लाभ देने के साथ ही आवश्यक सुरक्षा वस्त्र और उपकरण उपलब्ध कराने की मांग की गई। संघ ने कर्मचारियों के शौचालयों की नियमित सफाई, हैंडवॉश की समुचित व्यवस्था तथा कारखाने के मुख्य द्वार पर होने वाले जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराने पर भी जोर दिया।
पीआरकेएस के मंडल मंत्री एवं केंद्रीय उपाध्यक्ष पंकज दत्त भट्ट ने कहा कि कर्मचारियों की सुरक्षा और उन्हें बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना आवश्यक है। कार्यस्थल पर बेहतर व्यवस्थाएं होने से कर्मचारियों को राहत मिलेगी और वे सुचारु रूप से काम कर सकेंगे। उन्होंने रेलवे प्रशासन से ज्ञापन में उठाई गई समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने की अपेक्षा जताई।
इस दौरान ज्ञापन सौंपने वालों में श्री प्रकाश, अनिल गौतम, रितेश्वर सिंह, बृजेश, राशिद खान, अर्जुन सिंह सहित अन्य कर्मचारी शामिल रहे।





Leave a Reply