बागपत में 80 साल के बुजुर्ग ने जीते जी कराई तेरहवीं, 900 लोगों को देंगे भोज

बागपत (उत्तर प्रदेश): उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के जौहड़ी गांव से एक अनोखी पहल सामने आई है। यहां 80 वर्षीय बुजुर्ग बलजोर ने अपनी मृत्यु के बाद होने वाली तेरहवीं का इंतजार करने के बजाय जीते जी ही इसका आयोजन करने का फैसला लिया है। रविवार को उनके घर पर हवन और भोज का आयोजन होगा, जिसमें करीब 900 लोग शामिल होंगे। इस अनोखी पहल की इलाके में खूब चर्चा हो रही है।

बेटी पर नहीं डालना चाहते तेरहवीं का आर्थिक बोझ

जौहड़ी निवासी बलजोर पुत्र कनक सिंह के पास दो बीघा कृषि भूमि और अपना मकान है। उनके परिवार में बेटा नहीं है। उनकी एक बेटी पिंकी है, जिसकी शादी सरूरपुर कलां निवासी सुखपाल से हुई है। बेटी के परिवार में तीन नातिन और एक नाती मुकुल हैं।

बलजोर का कहना है कि उन्होंने जीवनभर समाज के लोगों के साथ सुख-दुख साझा किया है। लोगों के निमंत्रण पर विभिन्न आयोजनों और भोज में शामिल होते रहे हैं। समाज में उनकी अच्छी पहचान और मेलजोल रहा है।

उन्होंने फैसला किया कि मृत्यु के बाद होने वाली तेरहवीं का खर्च उनकी बेटी को न उठाना पड़े। वह अपनी बेटी से इसके लिए कोई पैसा नहीं लेना चाहते। इसी सोच के साथ उन्होंने अपने जीवनकाल में ही तेरहवीं जैसी रस्में पूरी करने और समाज के लोगों को भोज कराने का निर्णय लिया।

हवन के बाद 900 लोगों के लिए होगा भोज

बलजोर के घर में आयोजन की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। आंगन में भट्ठी चढ़ चुकी है और हलवाई मेहमानों के लिए पकवान तैयार करने में जुटे हैं।

रविवार सुबह घर पर हवन किया जाएगा। इसमें रिश्तेदारों और गांव-क्षेत्र के लोगों को आमंत्रित किया गया है। इसके बाद दोपहर में करीब 900 लोगों के लिए सामूहिक भोज का आयोजन होगा।

नाती मुकुल को सौंपेंगे अपनी पगड़ी

इस आयोजन की सबसे खास रस्म पगड़ी की होगी। दोपहर में बलजोर को पगड़ी बांधी जाएगी। इसके बाद वह अपनी पगड़ी नाती मुकुल को सौंपेंगे। आमतौर पर तेरहवीं के दौरान तस्वीर पर फूलमाला चढ़ाई जाती है, लेकिन बलजोर के इस आयोजन में फूलमाला उनकी तस्वीर पर नहीं, बल्कि उनके गले में ही डाली जाएगी।

परंपराओं से अलग सोच की हो रही चर्चा

बलजोर की इस पहल को पारंपरिक मृत्युभोज की प्रथा से अलग एक अनूठे कदम के तौर पर देखा जा रहा है। पड़ोसी ओमपाल शर्मा ने भी उनके फैसले का समर्थन किया है।

बलजोर की मंशा है कि उनके जाने के बाद परिवार, खासकर बेटी पर किसी तरह का आर्थिक और सामाजिक बोझ न पड़े। यही वजह है कि उन्होंने अपने सामने ही समाज के लोगों के साथ इस आयोजन को करने का निर्णय लिया है। उनका यह कदम गांव और आसपास के क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!