नीतू पांडे ने बरेली को बताया अपना दूसरा घर, लोकगीतों और पारंपरिक नृत्यों ने बांधा समां
राज्य आंदोलनकारियों और युवा वैज्ञानिक रक्षित भट्ट का हुआ सम्मान
बरेली। उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण का संदेश देते हुए पर्वतीय समाज बरेली ने रविवार को नेहरू युवा केंद्र में 26वां उत्तराखंड स्थापना दिवस समारोह धूमधाम से मनाया। समारोह के द्वितीय सत्र का शुभारंभ मुख्य अतिथि कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने दीप प्रज्वलित कर किया।
इस मौके पर विधायक संजीव अग्रवाल ने उत्तराखंड को देवभूमि बताते हुए कहा कि प्रदेश की समृद्ध संस्कृति और परंपराएं देश की अनमोल धरोहर हैं। ऐसे सांस्कृतिक और सामाजिक आयोजन हमारी विरासत को जीवित रखने का काम करते हैं। समाज को अपनी जड़ों से जुड़े रहना चाहिए और नई पीढ़ी तक अपनी सांस्कृतिक विरासत पहुंचानी चाहिए। उन्होंने इस तरह के आयोजनों को लगातार आयोजित करने का आह्वान किया।
समारोह के प्रथम सत्र का शुभारंभ पूर्व महापौर सुप्रिया ऐरन ने किया। उन्होंने उत्तराखंड को अपने लिए आत्मिक शांति का स्थान बताया।
मुंबई से पहुंचीं फिल्म अभिनेत्री नीतू पांडे समारोह का खास आकर्षण रहीं। उन्होंने कहा कि बरेली उन्हें अपने दूसरे घर जैसा लगता है। यहां हमेशा अपनापन महसूस होता है। फिल्म और थिएटर के अंतर पर उन्होंने बताया कि थिएटर में रीटेक की गुंजाइश नहीं होती और कलाकार को दर्शकों के सामने अपनी प्रतिभा साबित करनी पड़ती है।
मां नैना सांस्कृतिक एवं जनकल्याण समिति खटीमा की टीम ने लोकगायक पुष्कर महर के निर्देशन में उत्तराखंड के पारंपरिक गीतों और नृत्यों की शानदार प्रस्तुतियां दीं। लोकगायिका बबीता देवी और दीपक राणा ने भी अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया।
कार्यक्रम में उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी गोपाल दत्त अमोला, भूपाल सिंह बजेठा और भुवन चंद्र हरबोला को सम्मानित किया गया। युवा वैज्ञानिक रक्षित भट्ट को उत्तराखंड गौरव सम्मान दिया गया। आकाशवाणी बरेली के कार्यक्रम प्रमुख मिथिलेश श्रीवास्तव, समाजसेवी नंदा राणा और फिल्म निर्देशक-अभिनेता देवेंद्र रावत सहित अन्य विशिष्ट लोगों का भी सम्मान हुआ।
पर्वतीय समाज के अध्यक्ष देवेंद्र दियोलिया ने आभार जताया। महासचिव डॉ. नरेंद्र सिंह बिष्ट ने आयोजन के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में प्रवेश निशुल्क रखा गया था।

Leave a Reply