उत्तराखंड की लोक संस्कृति और परंपराओं से सराबोर हुआ 26वां स्थापना दिवस समारोह

bareillylive:उत्तराखंड की लोक संस्कृति और परंपराओं से सराबोर हुआ 26वां स्थापना दिवस समारोह

कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने दीप प्रज्वलित कर किया शुभारंभ, फिल्म अभिनेत्री नीतू पांडे बोलीं- बरेली मुझे अपने दूसरे घर जैसा लगता है

बरेली@bareillylive:बरेली। पर्वतीय समाज बरेली की ओर से रविवार को नेहरू युवा केंद्र में 26वां उत्तराखंड स्थापना दिवस समारोह हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। दोपहर दो बजे से रात नौ बजे तक चले इस भव्य आयोजन में उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति, पारंपरिक गीत-संगीत और लोकनृत्यों की मनमोहक छटा देखने को मिली। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने सहभागिता कर देवभूमि की सांस्कृतिक विरासत का उत्सव मनाया।

कार्यक्रम के प्रथम सत्र का शुभारंभ पूर्व महापौर सुप्रिया ऐरन ने किया। उन्होंने समाज को संबोधित करते हुए कहा कि उत्तराखंड उनके लिए आत्मिक शांति का स्थान है। वहीं, द्वितीय सत्र का शुभारंभ मुख्य अतिथि कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने दीप प्रज्वलित कर किया।

इस अवसर पर विधायक संजीव अग्रवाल ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की संस्कृति और परंपराएं देश की अनमोल धरोहर हैं। ऐसे सांस्कृतिक आयोजन हमारी विरासत को जीवित रखने के साथ नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि समाज को अपनी सांस्कृतिक पहचान और परंपराओं को सहेजकर अगली पीढ़ी तक पहुंचाना चाहिए। उन्होंने इस तरह के सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के निरंतर आयोजन का आह्वान भी किया।

अभिनेत्री नीतू पांडे बोलीं- बरेली में मिलता है अपनेपन का एहसास

समारोह में मुंबई से पहुंचीं फिल्म अभिनेत्री नीतू पांडे विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि बरेली उन्हें अपने दूसरे घर जैसा लगता है। यहां आने पर हमेशा अपनापन महसूस होता है और इस कार्यक्रम का हिस्सा बनकर वह खुद को धन्य महसूस कर रही हैं।

फिल्म और थिएटर के अंतर पर उन्होंने कहा कि दोनों विधाओं में काफी फर्क है। वह स्वयं थिएटर से जुड़ी रही हैं। थिएटर में रीटेक की कोई गुंजाइश नहीं होती, क्योंकि कलाकार को दर्शकों के सामने उसी समय अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन देना पड़ता है। दर्शकों की प्रतिक्रिया भी तत्काल मिल जाती है। उन्होंने थिएटर को कलाकार की वास्तविक प्रतिभा और अभिनय क्षमता की कसौटी बताया।

लोकगीतों और नृत्यों ने बांधा समां

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में मां नैना सांस्कृतिक एवं जनकल्याण समिति खटीमा की टीम ने लोकगायक पुष्कर महर के दिशा-निर्देशन में उत्तराखंड के पारंपरिक गीतों और नृत्यों की शानदार प्रस्तुतियां दीं। लोकगायिका बबीता देवी ने अपनी सुरीली आवाज से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं, दीपक राणा ने भी धमाकेदार प्रस्तुति देकर खूब तालियां बटोरीं।

पूरे आयोजन के दौरान पहाड़ की लोकसंस्कृति, पारंपरिक संगीत और नृत्य की गूंज से वातावरण उत्तराखंडमय बना रहा।

राज्य आंदोलनकारियों और प्रतिभाओं का हुआ सम्मान

समारोह में उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी गोपाल दत्त अमोला, भूपाल सिंह बजेठा और भुवन चंद्र हरबोला को सम्मानित किया गया। युवा वैज्ञानिक रक्षित भट्ट को उत्तराखंड गौरव सम्मान प्रदान किया गया।

इसके अलावा आकाशवाणी बरेली के कार्यक्रम प्रमुख मिथिलेश श्रीवास्तव, समाजसेवी नंदा राणा तथा फिल्म निर्देशक, अभिनेता एवं आरजे देवेंद्र रावत सहित अन्य विशिष्ट व्यक्तियों को भी सम्मानित किया गया।

उल्लेखनीय है कि अभिनेत्री नीतू पांडे सत्यमेव जयते, मैं मेरी पत्नी और वो, बाबर, अंदाज-2, श्रीमद रामायण, सावधान इंडिया, क्राइम पेट्रोल, इमली, मरुधर एक्सप्रेस, भोंसले, हैप्पी भाग जाएगी, अजीब दास्तान और शोरगुल सहित कई फिल्मों एवं धारावाहिकों में अभिनय कर चुकी हैं।

समाज की एकजुटता और नई पीढ़ी को संस्कृति से जोड़ने का संदेश

पर्वतीय समाज के अध्यक्ष देवेंद्र दियोलिया ने अतिथियों और उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया। महासचिव डॉ. नरेंद्र सिंह बिष्ट ने आयोजन के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला, जबकि वरिष्ठ सलाहकार कुंवर सिंह बिष्ट ने अतिथियों का स्वागत किया।

सांस्कृतिक एवं लोकगायक प्रभारी पूरन दानू ने बताया कि कार्यक्रम में प्रवेश पूरी तरह निशुल्क रखा गया था। उपाध्यक्ष एवं पूर्व कैंट सभासद मदन सिंह बिष्ट ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में एकजुटता बढ़ाने के साथ नई पीढ़ी को अपनी जड़ों, संस्कृति और परंपराओं से परिचित कराने का माध्यम बनते हैं। मीडिया प्रभारी देवेंद्र रावत ने भी आयोजन की जानकारी साझा की।

इस अवसर पर जीत सिंह वोहरा, सोमा परिहार, नंदिनी अधिकारी, इंद्र सिंह बिष्ट, प्रभात गैरोला, भुवन पांडे, सुंदर मेहरा, जगदीश बिष्ट, गोपाल राणा, पूनम भल्ला, चंद्रा दियोलिया, रमेश शर्मा, तारा जोशी, पुष्कर सिंह बोहरा, बिशन सिंह बिष्ट, नरेंद्र अधिकारी, उमेश बिनवाल, आनंद सिंह मेहता, संजय परिहार, गोधन सिंह बिष्ट, कुनाल दियोलिया, गिरीश पांडे, बरखा तिवारी, बबीता नेगी, कमला बिष्ट, दीपा दानू, महेश भट्ट, कैप्टन मोहन सिंह बिष्ट, कर्नल एमसी पंत, राजेंद्र सिंह बिष्ट, गोविंद सिंह मेहरा, बालम सिंह बिष्ट, राजीव भट्ट, श्याम सिंह मेहरा, मुकुल भट्ट, राजेंद्र घिल्डियाल, अमित पंत, पुष्कर राणा, केसी जोशी, डॉ. अनिल बिष्ट, अभिनीत नेगी, प्रमोद पंत, पीएस बोनाल, रामेश्वर पांडे, प्रदीप सक्सेना, डॉ. अनुराग सक्सेना, दीवानी चंद, सचिन, संजय मठ, अशोक कुमार सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!