The Voice of Bareilly since 2010

उत्तर प्रदेश : पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह कोरोना वायरस पॉजिटिव, कई अन्य नेताओं में भी संक्रमण की पुष्टि

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व राजस्थान के पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। उन्हें पीजीआई लखनऊ में भर्ती करवाया गया है। शामली से भाजपा विधायक तेजेंद्र निर्वाल में भी कोरोना वायरस के संक्रमण की पुष्टि हुई है।  

राजधानी में माल एवेन्यू में निवास कर रहे कल्याण सिंह को दो दिन से बुखार आ रहा था। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उनका नमूना लिया था। रविवार को उनकी जांच के बाद रिपोर्ट पॉजिटिव पर आज उनको संजय गांधी पीजीआई भर्ती कराया गया है।  

उत्तर प्रदेश से भाजपा के दो सांसद भी कोरोना वायरस संक्रमण की चपेट में हैं। नई दिल्ली में मानसून सत्र के पहले दिन जांच में बागपत से सांसद डॉ. सत्यपाल सिंह और इटावा से सांसद राम शंकर कठेरिया कोरोना वायरस से संक्रमित मिले।  

गौरतलब है कि रविवार तक प्रदेश में कोरोना के कुल मरीजों की संख्या बढ़कर 312414 हो चुकी है। इनमें से 239485 को डिस्चार्ज किया जा चुका है। एक्टिव मरीजों की संख्या प्रदेश में 68122 है। जबकि 4429 मरीजों की मौत हो चुकी है। प्रदेश में 75 लाख टेस्ट का आंकड़ा पार कर लिया गया है।   स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार रविवार को लखनऊ में 847, कानपुर में 338, प्रयागराज में 370, गोरखपुर में 234, गाजियाबाद में 267, वाराणसी में 224, नोएडा में 186, बरेली में 158, मुरादाबाद में 85, मेरठ में 233, अलीगढ़ में 168, सहारनपुर में 114, झांसी में 116, देवरिया में 102, बाराबंकी में 78, बलिया में 78, अयोध्या में 60, शाहजहांपुर में 97, जौनपुर में 60 समेत कुल 6239 मरीज मिले हैं। रविवार को कुल 80 संक्रमित मरीजों की मौत हो गई।  

इस समय प्रदेश में 68122 एक्टिव मरीजों में से 36329 होम आइसोलेशन में हैं।

error: Content is protected !!