शराब के नशे में गाली-गलौज का विरोध करने से नाराज थे आरोपी, चार नामजद समेत एक अज्ञात पर मुकदमा; दो हिरासत में
बरेली@bareillylive:बरेली। अलीगंज थाना क्षेत्र के बिहारीपुर गांव में मंगलवार रात करीब 10 बजे सनसनीखेज वारदात सामने आई। यहां ससुराल आए 50 वर्षीय रामरतन पाल की कुल्हाड़ी से कई वार कर हत्या कर दी गई। आरोप है कि हमलावर उसके साले रघुवीर पाल को निशाना बनाने पहुंचे थे, लेकिन तख्त पर सो रहे रामरतन पाल को रघुवीर समझकर उस पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल रामरतन को परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मूल रूप से बदायूं जिले के उझानी थाना क्षेत्र के पीर बट्टू गांव निवासी रामरतन पाल मंगलवार को कनागत कार्यक्रम में शामिल होने अपने साले रघुवीर पाल के घर बिहारीपुर आए थे। रात में गांव के हरपाल, मुकुट, नन्हे और लाखन शराब के नशे में गाली-गलौज कर रहे थे। रघुवीर पाल ने इसका विरोध किया तो आरोपियों से उनका विवाद हो गया। बाद में मामला शांत हो गया।
इसके बाद रघुवीर पाल किसी काम से खेत की ओर चले गए। इसी दौरान उनके बहनोई रामरतन पाल बैठक में रखे तख्त पर सो गए। आरोप है कि इसी दौरान चारों आरोपी वहां पहुंचे और रघुवीर पाल को तलाशते हुए तख्त पर सो रहे रामरतन पाल पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में रामरतन गंभीर रूप से घायल हो गए।
चीख-पुकार सुनकर रघुवीर पाल की पत्नी आरती पाल और उनके चचेरे भाई भोगेंद्र पाल मौके पर पहुंचे। पुलिस के मुताबिक, आरोपी रामरतन को मृत समझकर मौके से फरार हो गए। परिजन आनन-फानन में उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाने लगे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
चार नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा
घटना की सूचना मिलते ही अलीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। रघुवीर पाल की तहरीर पर पुलिस ने हरपाल, मुकुट, नन्हे और लाखन समेत एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ हत्या समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपियों में से मुकुट और हरपाल को हिरासत में लिया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है। अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला रंजिश में की गई हत्या का प्रतीत हो रहा है। पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।






Leave a Reply