The Voice of Bareilly since 2010

ननद पर खौलता तेल डालने के बाद महिला 17वीं मंजिल से कूदी, 3 साल के बेटे समेत मौत

Woman's body

ग्रेटर नोएडा। बिसरख इलाके की इको विलेज सोसाइटी में शनिवार को एक दर्दनाक मामला सामने आया। सो रही ननद पर गर्म तेल डालने के बाद महिला अपने बच्चे के साथ 17वीं मंज़िल से नीचे कूद गई। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के समय मृतक महिला का पति घर पर मौजूद नहीं था। पुलिस को शुरुआती जांच में मामला घरेलू कलह की वजह से हत्या के प्रयास और आत्महत्या का लग रहा है।

पुलिस को शनिवार सुबह करीब साढ़े 8 बजे जानकारी मिली कि एक महिला अपने बच्चे के साथ फ्लोर से नीचे गिर गई है। पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही दोनों की मौत हो चुकी थी। मृतक महिला की पहचान 30 साल की प्रियंका त्यागी और उसके 3 साल के बेटे दिव्यांश के तौर पर हुई।

पुलिस ने मामले की तहकीकात की तो पता चला कि प्रियंका त्यागी ने सो रही अपनी ननद रीमा पर गर्म तेल डाल दिया और फिर बच्चे के साथ 17वीं मंज़िल से नीचे कूदकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रीमा का चेहरा झुलस गया है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्रियंका के भाई राहुल का कहना है कि जीजा निशांत उसकी बहन को परेशान करता था और पिता के घर से पैसे लाने के लिए बोलता था। बतौर राहुल, इस वजह से प्रियंका डिप्रेशन में रहती थी। उधर निशांत ने बताया कि वह अपने पिता के पास गाज़ियाबाद गया हुआ था। उसे कुछ नहीं पता ये सब क्यों हुआ।  पुलिस ने निशांत को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि ऐसी कौन सी बात है जिसकी वजह से महिला ने ये कदम उठाया, उसकी जांच की जा रही है।

error: Content is protected !!