The Voice of Bareilly since 2010

किसी भी कीमत पर व्यापारियों की दुकानें नहीं टूटने देंगे: बनवारी लाल कंछल

व्यापारियों की दुकानें , बनवारी लाल कंछल, बरेली,@BareillyLive, उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल,

बरेली@BareillyLive: उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल की चौपला व्यापार मंडल कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष बनवारी लाल कंछल की अध्यक्षता में व्यापारियों की मीटिंग व प्रेस वार्ता हुई। व्यापारियों ने नगर निगम पर मनमानी का आरोप लगाते हुए कहा कि धर्मकांटा मार्केट में दुकानें तोड़ने का नोटिस दिया गया, जबकि 40 साल से वे वाल्मीकि मंदिर ट्रस्ट को किराया और निगम को टैक्स दे रहे हैं।

व्यापारियों ने कहा, “निगम और बीडीए जब चाहें अतिक्रमण के नाम पर तोड़फोड़ करते हैं। कहीं-कहीं व्यापारी गलत भी होते हैं, लेकिन बिना अधिकारियों को ‘चढ़ावा’ चढ़ाए काम नहीं होता। कार्रवाई हो तो अधिकारियों पर भी हो, सिर्फ व्यापारी पर नहीं।”

प्रदेश अध्यक्ष बनवारी लाल कंछल ने चेतावनी दी, “किसी भी कीमत पर दुकानें नहीं टूटने देंगे। मनमानी हुई तो प्रदेशभर के व्यापारी आंदोलन करेंगे।”

उन्होंने बताया कि पिछले 15 वर्षों से छोटी-मोटी भूल पर नोटिस न भेजने की मांग कर रहे थे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसे मानते हुए 13 व्यापारिक कानूनों में अध्यादेश पारित किया। अब छोटे मामलों में जेल की बजाय आर्थिक दंड और प्रशासनिक कार्रवाई होगी।

कंछल ने कहा, “प्रदेश में 7 करोड़ व्यापारी हैं। हर व्यापारी का एक कर्मचारी मानें तो 14 करोड़, परिवार जोड़ें तो 70 करोड़ लोग व्यापार पर निर्भर हैं। व्यापारी को अपराधी की तरह नहीं, सम्मान से देखा जाए।” केंद्र सरकार का जीएसटी में कमी करने पर धन्यवाद दिया।

महानगर अध्यक्ष शोभित सक्सेना ने कहा, “जीएसटी घटाना अच्छा कदम है, लेकिन कंपनियां एमआरपी बढ़ाकर मुनाफा कमा रही हैं। कार-बाइक पर फायदा मिला, लेकिन दवा और इंश्योरेंस सेक्टर में जनता ठगी जा रही है। सरकार को नियंत्रण करना चाहिए।”

जुनैद अली खान निष्कासित: 24 सितंबर को शहर का माहौल खराब करने की कोशिश में नाम आने और भू-माफिया अतीक अहमद के साथ फोटो वायरल होने पर कोर कमेटी की मांग पर प्रदेश अध्यक्ष की सहमति से जुनैद अली खान उर्फ लकी शाह को व्यापार मंडल से आजीवन निष्कासित कर दिया गया। संगठन ने स्पष्ट किया, “राष्ट्र-विरोधी या दंगाई को न समर्थन, न आश्रय।”

प्रेस वार्ता में शोभित सक्सेना, देवेंद्र जोशी, अश्विनी ओबेरॉय, हरीश अरोड़ा, मनोज अरोड़ा, दानिश जमाल, सत्येंद्र पाल सिंह, अमरजीत सिंह बक्शी, जफर बेग, विशाल सक्सेना, पुष्पेंद्र शुक्ला सहित तमाम पदाधिकारी मौजूद रहे।

error: Content is protected !!