बरेली@bareillylive:बरेली। भोजीपुरा पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक आरोपी को 135 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ पहले से चोरी, आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में छह मुकदमे दर्ज हैं और वह पूर्व में कई बार जेल जा चुका है।
पुलिस के अनुसार 14 सितंबर की रात उपनिरीक्षक जितेन्द्र कुमार पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक नहर किनारे चरस लेकर खड़ा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने दोहना-पीतमराय जाने वाले कच्चे रास्ते पर नहर के किनारे घेराबंदी की। रात करीब 10 बजे पुलिस ने ईशू उर्फ सलोचन पुत्र सिकन्दर निवासी ग्राम कंचनपुर, थाना भोजीपुरा को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 135 ग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भोजीपुरा थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मुकदमा दर्ज किया और उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह चरस को आने-जाने वाले ट्रक चालकों को बेचता था। इससे होने वाली कमाई से वह अपना खर्च चलाता था। आरोपी ने यह भी बताया कि वह पहले कई मामलों में जेल जा चुका है।
पुलिस के अनुसार ईशू उर्फ सलोचन के खिलाफ वर्ष 2023 में चोरी और माल बरामदगी के दो मुकदमे, वर्ष 2024 में आर्म्स एक्ट और अन्य अधिनियम के तहत दो मुकदमे तथा वर्ष 2025 में भी दो मुकदमे दर्ज हैं। अब वर्ष 2026 में एनडीपीएस एक्ट के तहत उसके खिलाफ सातवां मुकदमा दर्ज किया गया है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक जितेन्द्र कुमार, कांस्टेबल रवि कुमार, कांस्टेबल आशीष और कांस्टेबल शिवराज यादव शामिल रहे।






Leave a Reply