bareillylive:bareillynews:मध्य प्रदेश के ऐतिहासिक नरवर किले से 400 साल पुरानी तोप चोरी, तस्करी गिरोह की आशंका; जांच तेज
शिवपुरी। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले की नरवर तहसील स्थित ऐतिहासिक नरवर किले से लगभग 400 वर्ष पुरानी एक दुर्लभ तोप चोरी हो जाने का मामला सामने आया है। इस घटना ने पुरातात्विक धरोहरों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार यह घटना बुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात की है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बदमाश किसी वाहन से किले के पिछले हिस्से तक पहुंचे और वहां रखी ऐतिहासिक तोप को अपने साथ ले गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाने के साथ जांच शुरू कर दी।
करैरा के अनुविभागीय पुलिस अधिकारी (एसडीओपी) प्रशांत शर्मा ने बताया कि मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि यह भी जांच का विषय है कि कहीं इस चोरी के पीछे किसी अंतरराज्यीय या अंतरराष्ट्रीय प्राचीन धरोहर तस्करी गिरोह का हाथ तो नहीं है। उपलब्ध तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
उधर, राज्य पुरातत्व विभाग के उपनिदेशक तरुण कुमार श्रीवास्तव ने घटना को अत्यंत गंभीर बताते हुए कहा कि वह स्वयं नरवर किले का निरीक्षण करेंगे और पुलिस के साथ मिलकर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करेंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि ऐतिहासिक धरोहर की जल्द बरामदगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले यही तोप अपने निर्धारित स्थान से नीचे गिरी हुई मिली थी, लेकिन उसे दोबारा सुरक्षित स्थान पर स्थापित नहीं किया गया। माना जा रहा है कि सुरक्षा में इसी लापरवाही का फायदा उठाकर चोर तोप को अपने साथ ले गए।
अधिकारियों के अनुसार नरवर किले में पहले कुल 14 ऐतिहासिक तोपें थीं, लेकिन इस चोरी के बाद अब केवल 13 तोपें शेष बची हैं।
पुलिस आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज, संभावित मार्गों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। चोरी हुई तोप को ऐतिहासिक और पुरातात्विक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।






Leave a Reply