The Voice of Bareilly since 2010

भगवान जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, हरिनाम संकीर्तन से गूंजा शहर

bareillylive:bareillynews:भगवान जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, हरिनाम संकीर्तन से गूंजा शहर

बरेली। अंतरराष्ट्रीय कृष्णभावनामृत संघ (इस्कॉन) शाहजहांपुर के तत्वावधान में रविवार को भगवान श्री जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ संपन्न हुआ।

आयोजन में हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भगवान श्री जगन्नाथ, बलदेव जी और सुभद्रा महारानी के दर्शन किए तथा रथ यात्रा में शामिल होकर आध्यात्मिक आनंद का अनुभव किया।


महोत्सव का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार, मंगल आरती और हरिनाम संकीर्तन के साथ हुआ। इसके बाद भगवान श्री जगन्नाथ, बलदेव जी और सुभद्रा महारानी को आकर्षक ढंग से सुसज्जित रथ पर विराजमान कर नगर भ्रमण के लिए निकाला गया।

श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह के साथ रथ की रस्सी खींचते हुए हरे कृष्ण, हरे कृष्ण, कृष्ण कृष्ण, हरे हरे। हरे राम, हरे राम, राम राम, हरे हरे। महामंत्र का सामूहिक संकीर्तन किया।

रथ यात्रा के मार्ग पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी और पूरा वातावरण भक्ति एवं आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर हो गया।


रथ यात्रा के दौरान मृदंग, करताल और भजन-कीर्तन की मधुर ध्वनि से नगर गुंजायमान रहा। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने भगवान जगन्नाथ के दर्शन कर पुष्प अर्पित किए और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।

नगरवासियों ने भी बड़ी संख्या में रथ यात्रा में शामिल होकर भगवान का आशीर्वाद प्राप्त किया।यात्रा के समापन पर सभी श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद वितरण की व्यवस्था की गई।

भक्तों ने आयोजन की भव्यता, अनुशासित व्यवस्थाओं और आध्यात्मिक वातावरण की सराहना करते हुए इसे शाहजहांपुर के प्रमुख धार्मिक आयोजनों में से एक बताया।


संपूर्ण आयोजन इस्कॉन शाहजहांपुर के प्रबंधक मान साधु जीवन प्रभु जी के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। आयोजन को सफल बनाने में राम गोपाल गुप्ता एवं उनके परिवार का विशेष सहयोग रहा।

अंत में इस्कॉन प्रबंधन ने प्रशासन, पुलिस विभाग, स्वयंसेवकों, सभी भक्तों और नगरवासियों का सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए भगवान श्री जगन्नाथ से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और मंगल की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!